नटेरन में ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों का "शक्ति संचय कार्यक्रम" आयोजित
..
आगामी माह में स्वैच्छिकता पर्व, हरियाली यात्रा सहित 5 बड़े अभियान का शुभारंभ
..
ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय, सशक्त एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सोमवार को विकासखंड नटेरन में “शक्ति संचय कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों की एक दिवसीय समीक्षा बैठक-सह-प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इसमें समितियों के पदाधिकारियों, सदस्यों के साथ-साथ सीएम इंटर्न्स ने भी सक्रिय सहभागिता की। प्रशिक्षण सत्र के दौरान एजेंडे के अनुसार ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों द्वारा अब तक किए गए कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। समितियों के कामकाज में आ रही चुनौतियों पर चर्चा कर उनके समाधान के उपाय भी बताए गए। विभागीय अधिकारियों ने उपस्थित प्रतिभागियों को शासन की विभिन्न समसामयिक लोक कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और उन्हें गाँव-गाँव तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने में सेतु की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
अगस्त माह की गतिविधियों की बनी रूपरेखा -
बैठक में आगामी माह अगस्त में चलाए जाने वाले प्रमुख कार्यक्रमों की रूपरेखा और रणनीति तैयार की गई। तय किए गए प्रमुख कार्यक्रम अनुसार 12 अगस्त 2026 से स्वैच्छिकता पर्व- समाज सेवा को जन आंदोलन बनाने हेतु, हरियाली यात्रा - पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता, नवांकुर सखी कार्यक्रम - महिला सशक्तिकरण "एक पेड़ मां के नाम" अभियान - वृक्षारोपण को बढ़ावा, तिरंगा यात्रा - राष्ट्रीय भावना का प्रसार,सीएमसीएलडीपी पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों के प्रवेश को लेकर भी चर्चा की गई।
नशा मुक्ति की ली शपथ -
कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला समन्वयक, जनप्रतिनिधियों और सभी उपस्थित सदस्यों ने समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए सामूहिक शपथ ली। सभी ने समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने और सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जिला समन्वयक श्रीमती पूजा श्रीवास्तव, महाविद्यालय के प्राचार्य श्री खरवार, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री नीलेश धाकड़ एवं विकासखंड समन्वयक श्री भीकम सिंह दांगी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही विकासखंड की नवांकुर संस्थाओं के प्रमुख श्री गोविंद शर्मा, श्री बाबूलाल धाकड़ एवं श्री राधेश्याम यादव, परामर्शदाता श्री अभिषेक शर्मा, श्री प्रवीण शर्मा एवं श्री अशोक धाकड़ सहित प्रस्फुटन समितियों के सदस्य एवं सीएम इंटर्न्स उपस्थित थे। कार्यक्रम के माध्यम से ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों को आगामी समय में जनकल्याणकारी गतिविधियों, सामाजिक जागरूकता एवं विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। #vidisha #JansamparkMP
21 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Jul 27, 2026