पट्टी के लाल चंद्र प्रकाश मिश्र बने डीएसपी, पीपी सेरेमनी में लगाए गए नए रैंक
#प्रतापगढ़ । पट्टी तहसील क्षेत्र के गड़ौरी गांव के निवासी एवं पुलिस विभाग के तेजतर्रार अधिकारी चंद्र प्रकाश मिश्र को पुलिस निरीक्षक से पदोन्नत कर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) बनाया गया है। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी पदोन्नति आदेश के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। ग्रामीणों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पदोन्नति के उपरांत लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) मुख्यालय में आयोजित पीपी सेरेमनी के दौरान पुलिस महानिदेशक पीएसी मुख्यालय उत्तर प्रदेश आलोक सिंह, पुलिस महानिरीक्षक पीएसी मध्य जोन प्रीतिंदर सिंह तथा उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा वाहिनी के सेनानायक श्याम नारायण सिंह ने चंद्र प्रकाश मिश्र के कंधों पर नए रैंक लगाकर उन्हें डीएसपी पद की जिम्मेदारी सौंपी।
चंद्र प्रकाश मिश्र की इस उपलब्धि को पट्टी क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण माना जा रहा है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि उनकी मेहनत, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का यह सम्मान है। उनकी पदोन्नति से गड़ौरी गांव सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है तथा लोगों ने मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया।