#38_कर्मचारियों_के_लिए_खुश_खबरी..
भरतपुर। राजस्थान में सब इंस्पेक्टर भर्ती-2021 निरस्त होने के बाद सेवा से प्रभावित हुए सरकारी कर्मचारियों के लिए राहत की बड़ी खबर सामने आई है। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने राजस्थान हाईकोर्ट के निर्णयों और शासन के निर्देशों की पालना में ऐसे 38 कर्मचारियों को उनके मूल पदों पर तत्काल पुनः कार्यग्रहण कराने के निर्देश जारी किए हैं। यह आदेश उन कर्मचारियों पर लागू होगा जो एसआई पद पर चयन के बाद शिक्षा विभाग की अपनी पुरानी नौकरी से कार्यमुक्त होकर पुलिस विभाग में शामिल हुए थे और आरएसआर के नियमानुसार जिनका अपने पूर्व पद पर लियन (ग्रहणाधिकार) सुरक्षित था। माध्यमिक शिक्षा निदेशक द्वारा जारी आदेश में संबंधित संयुक्त निदेशकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पात्र कर्मचारियों से प्रार्थना पत्र प्राप्त होते ही उन्हें तत्काल पूर्व पद पर जॉइन कराया जाए। एसआई भर्ती में चयनित 369 अभ्यर्थी पहले से राज्य सरकार की सेवा में थे, जिनमें से शिक्षा विभाग से जुड़े इन 38 कर्मचारियों की सूची जारी कर दी गई है। हालांकि, जिन कर्मचारियों ने पुरानी नौकरी से पूर्ण रूप से इस्तीफा दे दिया था, उन्हें इस लियन का लाभ नहीं मिलेगा। इस निर्णय से भर्ती रद्द होने के बाद अनिश्चितता का सामना कर रहे प्रभावित कर्मचारियों को अपने मूल सरकारी पद पर लौटने का सीधा अधिकार मिल गया है।