ग्लोबल टाइगर डे पर दुधवा टाइगर रिजर्व का मेगा ऑपरेशन, 24 घंटे में 11,000 किमी से अधिक पेट्रोलिंग
पलिया कलां, लखीमपुर खीरी। ग्लोबल टाइगर डे के उपलक्ष्य में दुधवा टाइगर रिजर्व प्रभाग ने वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए 24 घंटे का विशेष लांग पेट्रोलिंग अभियान चलाया। यह अभियान 27 जुलाई प्रातः 8:00 बजे से 28 जुलाई प्रातः 8:00 बजे तक उपनिदेशक जगदीश आर. के निर्देशन में लगातार संचालित किया गया।
इस विशेष अभियान के दौरान दुधवा टाइगर रिजर्व की विभिन्न रेंजों में चार पहिया वाहन, दो पहिया वाहन, हाथी, ट्रैक्टर, नाव तथा पैदल माध्यमों से 11,000 किलोमीटर से अधिक की पेट्रोलिंग की गई। वहीं अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने 1,400 किलोमीटर से अधिक पैदल गश्त कर वन क्षेत्रों की निगरानी की।
अभियान में बेलरायां, उत्तर सोनारीपुर, बनकटी, गौरीफण्टा, सठियाना, दक्षिण सोनारीपुर, दुधवा, किशनपुर और मैलानी रेंज की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रीय वन अधिकारियों के नेतृत्व में सक्रिय भागीदारी निभाई। प्रभागीय स्तर पर पर्यटन रेंज सुरक्षा दल ने भी विशेष पेट्रोलिंग की, जबकि पूरे अभियान की निगरानी वन्यजीव प्रतिपालक महावीर सिंह, उप प्रभागीय वनाधिकारी दीपक कुमार पाण्डेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने की।
वन विभाग के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा के प्रति अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रियता, सतर्कता, अनुशासन और प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करना था। विभाग ने बताया कि नियमित गश्त तो प्रतिदिन की जाती है, लेकिन सभी रेंजों में एक साथ 24 घंटे तक लगातार पेट्रोलिंग कर वन्यजीव अपराधियों और अराजक तत्वों को सख्त संदेश दिया गया।
दुधवा टाइगर रिजर्व प्रशासन ने कहा कि ग्लोबल टाइगर डे के अवसर पर 11,000 किलोमीटर से अधिक कुल पेट्रोलिंग और 1,400 किलोमीटर से अधिक पैदल गश्त वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति विभाग की मजबूत प्रतिबद्धता और सतर्कता का प्रतीक है। #dudhwanationalpark #followerseveryone #highlightseveryone
Lakhimpur, Lakhimpur Kheri | Jul 28, 2026