*विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*
---
*मिलावट मुक्त खाद्य पदार्थों एवं सुरक्षित खान-पान को बढ़ावा देने का आह्वान*
इंदौर, 7 जून 2026
विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर इंदौर में खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग, एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज मध्य प्रदेश (AIMP) तथा यारी क्वालिटेक प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त सहयोग से होटल जॉर्डन, तुलसी नगर में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों एवं खाद्य व्यवसाय से जुड़े लोगों को खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित एवं स्वास्थ्यवर्धक खान-पान की आदतों को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाहा थे। उनका स्वागत एआईएमपी के अध्यक्ष श्री योगेश मेहता, सचिव श्री तरुण व्यास तथा यारी क्वालिटेक की ओर से सुश्री यशी श्रीवास्तव ने किया।
अपने उद्बोधन में मंत्री श्री कुशवाहा ने स्वस्थ एवं संतुलित भोजन के महत्व पर बल देते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए जनभागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी। मंत्री श्री कुशवाहा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए एआईएमपी एवं यारी क्वालिटेक की सराहना की।
विशेष अतिथि विधायक श्री गोलू शुक्ला ने खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं विक्रय में स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खाद्य सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए इस प्रकार के आयोजन निरंतर होते रहना चाहिए। उन्होंने खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में यारी क्वालिटेक द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी प्रशंसा की।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME) के सहायक निदेशक श्री गौरव गोयल ने उद्यम पंजीयन, तकनीकी प्रक्रियाओं तथा शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सब्सिडी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं प्रमुख खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री मनीष स्वामी ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के नियमों एवं प्रावधानों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।
विशिष्ट अतिथि प्रसिद्ध शेफ श्री भूपी ने खाद्य सुरक्षा से जुड़ी अनेक भ्रांतियों को दूर करते हुए उपभोक्ताओं को पैकेज्ड खाद्य पदार्थ खरीदते समय आवश्यक जानकारियों की जांच करने की सलाह दी। उन्होंने सुरक्षित एवं स्वास्थ्यवर्धक भोजन के संबंध में उपयोगी जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान खाद्य सुरक्षा नियमों, उद्योग क्षेत्र में उभरती संभावनाओं तथा एफएसएसएआई की नवीन नीतियों पर विशेषज्ञों द्वारा विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर विशेषज्ञों का पैनल डिस्कशन तथा हेल्दी फूड क्विज का भी आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों एवं खाद्य उत्पाद निर्माताओं द्वारा अपने उत्पादों की विशेषताओं एवं गुणवत्ता संबंधी जानकारी देने के लिए प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाए गए। कार्यक्रम में एफएसएसएआई एवं खाद्य विभाग के अधिकारीगण, होटल एसोसिएशनों, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों, खाद्य उत्पादक संगठनों तथा उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के इस जन-जागरूकता अभियान को सफल बनाने में विभिन्न संस्थाओं एवं उद्योग संगठनों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
#WorldFoodSafetyDay #FoodSafety #SafeFood #HealthyFood #FSSAI #MadhyaPradesh #JansamparkMP #indore #इंदौर
Food Safety and Standards Authority of India
Jansampark Madhya Pradesh
Indore, Madhya Pradesh | Jun 8, 2026