युवा विरासत महोत्सव में विद्यार्थियों का सम्मान, निबंध प्रतियोगिता में युवाओं ने लिया भाग
मैणास में प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र दिए, गुढ़ागौड़जी में नेहरू-इंदिरा के जीवन पर लिखे निबंध
नवलगढ़/गुढ़ागौड़जी। राजस्थान युवा कांग्रेस की ओर से आयोजित युवा विरासत महोत्सव के तहत जिले में अलग-अलग कार्यक्रम हुए। मैणास में विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, वहीं गुढ़ागौड़जी में निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और विद्यार्थियों को भारतीय इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन और लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी दी गई। मैणास गांव के निजी विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह आयोजन पंडित जवाहरलाल नेहरू और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर हुआ। नवलगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम उपाध्यक्ष कामेश्वर मील के नेतृत्व में आयोजित किया गया। वहीं गुढ़ागौड़जी के मानसी मार्केट स्थित निजी कंप्यूटर सेंटर में निबंध प्रतियोगिता हुई। इसमें युवाओं ने नेहरू और इंदिरा गांधी के जीवन, व्यक्तित्व और विचारों पर निबंध लिखे। प्रतियोगिता में रोहिताश्व बांगड़वा प्रथम, फैजान गौरी द्वितीय तथा शाहिद खान और समीर खान संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंकित फोगाट ने बताया कि प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी निशा खीचड़ के निर्देशन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में महोत्सव के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सूरजगढ़ सहित अन्य क्षेत्रों में भी आयोजन हुए। फोगाट ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रतिभाओं को सम्मान देना और युवाओं को देश के इतिहास, महापुरुषों के विचारों तथा लोकतांत्रिक परंपराओं से जोड़ना है।इस दौरान मैणास में संदीप गढ़वाल, रामपाल यादव, सुमित चौधरी, विपिन नूनियां, राजेश गोदारा और रोहित मान सहित शिक्षक व कार्यकर्ता मौजूद रहे। गुढ़ागौड़जी में ब्लॉक अध्यक्ष साहिल, विधानसभा उपाध्यक्ष पंकज जाखड़ और ब्लॉक उपाध्यक्ष बंटी चौधरी सहित युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Jhunjhunun, Jhunjhunu | Nov 17, 2026