*रखेहड़ा और कौहण में विशेष प्रचार अभियान के माध्यम से सरकारी योजनाओं की दी जानकारी, नशा मुक्ति का किया आह्वान*
*धर्मपुर, 28 जुलाई।*
राज्य सरकार द्वारा अनुसूचित जाति के कल्याण हेतु संचालित योजनाओं, अन्य जनकल्याणकारी नीतियों एवं कार्यक्रमों, नशा निवारण अभियान विशेषकर "चिट्टा मुक्त हिमाचल–नशामुक्त मंडी" तथा सरकार की विभिन्न उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सौजन्य से धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सरसकान के गांव रखेहड़ा तथा ग्राम पंचायत पीपली के गांव कौहण में विशेष प्रचार अभियान आयोजित किया गया।
इस अवसर पर हिमाचल संगीत कला केंद्र, गांव रसैण के कलाकारों ने गीत-संगीत, नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। कलाकारों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पात्र वर्गों के लिए संचालित कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना की भी विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि पात्र युवाओं को एक वर्षीय पीजीडीसीए एवं डीसीए कंप्यूटर पाठ्यक्रमों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग तथा विधवा एवं एकल महिलाओं को प्रशिक्षण अवधि के दौरान ₹1,000 प्रतिमाह प्रशिक्षण भत्ता तथा ₹1,500 प्लेसमेंट स्टाइपेंड प्रदान किया जाता है। वहीं दिव्यांग लाभार्थियों के लिए ₹1,200 प्रतिमाह प्रशिक्षण भत्ता एवं ₹1,800 प्लेसमेंट स्टाइपेंड का प्रावधान है।
कलाकारों ने मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, इंदिरा गांधी सुख सुरक्षा योजना सहित प्रदेश सरकार द्वारा संचालित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की भी विस्तार से जानकारी दी तथा पात्र लोगों से इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटकों एवं प्रेरक गीतों के माध्यम से युवाओं और आमजन को नशे से दूर रहने तथा "चिट्टा मुक्त हिमाचल–नशामुक्त मंडी" अभियान को जन-आंदोलन बनाने का संदेश दिया गया। साथ ही समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने और सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने की अपील भी की गई।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत सरसकान की प्रधान मीरा देवी, उपप्रधान विनोद कुमार, पंचायत सदस्य एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं ग्राम पंचायत पीपली के प्रधान मधु सूदन, पंचायत प्रतिनिधि तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
Dharmpur, Mandi | Jul 28, 2026