आगामी चुनाव को लेकर एसपी ने किया पटियाली थाने का औचक निरीक्षण
हिस्ट्रीशीटरों के सत्यापन और अपराधियों पर निरोधात्मक कार्रवाई के दिए निर्देश, अभिलेखों व मिशन शक्ति केंद्र का भी लिया जायजा
कासगंज। आगामी चुनाव के दृष्टिगत कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने सोमवार को थाना पटियाली का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, मिशन शक्ति केंद्र, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, हवालात, सीसीटीएनएस कार्यालय और थाना परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, बीट सूचना रजिस्टर सहित थाने के विभिन्न अभिलेखों की जांच की। उन्होंने सभी अभिलेखों को अद्यावधिक एवं व्यवस्थित रखने तथा थाना परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।
एसपी ने थाना क्षेत्र में घटित अपराधों की समीक्षा करते हुए टॉप-10 अपराधियों, सक्रिय अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों का भौतिक सत्यापन कराने पर जोर दिया। उन्होंने वांछित, वारंटी एवं पुरस्कार घोषित अभियुक्तों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा ऑपरेशन क्लीन और ऑपरेशन त्रिनेत्र की प्रगति की समीक्षा की। इसके साथ ही रात्रि गश्त, पिकेट ड्यूटी, पैदल गश्त और संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करने को भी कहा।
आगामी चुनाव के मद्देनजर एसपी ने हिस्ट्रीशीटरों का विशेष सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन हिस्ट्रीशीटरों की मृत्यु हो चुकी है, उनका नियमानुसार खाका नष्ट कराया जाए। सक्रिय हिस्ट्रीशीटरों के विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। दूसरे थाना क्षेत्रों या जनपदों में रहने वाले हिस्ट्रीशीटरों के संबंध में संबंधित थानों को आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचना भेजी जाए।
इसके अलावा लापता हिस्ट्रीशीटरों का पता लगाने और उनका सत्यापन कराने के लिए पुलिस अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए। क्षेत्र में विवाद एवं पुरानी रंजिश से जुड़े मामलों को चिह्नित कर संबंधित पक्षों के विरुद्ध नियमानुसार पाबंद करने की कार्रवाई तथा वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा।
Kasganj, Kasganj | Nov 16, 2026