चौपाल: देहा के शिरगुली में रिहायशी मकानों में लगी आग,
दो मकान जलकर राख, लाखों के नुकसान की आशंका।
देहा की ग्राम पंचायत घोड़ना के शीरगुली गांव में मंगलवार को भीषण आग लगने से दो मकान पूरी तरह आग की भेंट चढ़ गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दोनों मकान जलकर राख हो गए।
बताया जा रहा है कि आग की चपेट में आए मकानों में एक मकान लायकराम बक्सेठ का तथा दूसरा सेवी रमेई का है। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण मकानों को बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, अग्निशमन विभाग और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस अग्निकांड में लाखों रुपये से लेकर करोड़ रुपये तक की संपत्ति का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि नुकसान का सही आकलन राजस्व विभाग और प्रशासन की जांच के बाद ही सामने आएगा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत प्रदान करने की मांग की है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।