कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने ‘सांझ चौपाल’ में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, मौके पर हुआ त्वरित निराकरण
अनोखा तीर, हरदा। ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को ग्राम कायदा में ‘सांझ चौपाल’ का आयोजन किया गया। चौपाल में कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निराकरण के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक शशांक, जिला पंचायत सीईओ अंजली जोसेफ जोनाथन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा, एसडीएम टिमरनी संजीव कुमार नागू, सरपंच मालती सिलारे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
चौपाल में राजस्व, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, पेंशन, राशन सहित विभिन्न विभागों से संबंधित करीब 200 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से लगभग 80 प्रतिशत का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष आवेदनों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।
ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी भवन की जर्जर स्थिति, सब स्टेशन निर्माण में देरी, चंद्रखाल क्षेत्र में पुलिया निर्माण, बैंकिंग सुविधा एवं अवैध शराब बिक्री जैसी समस्याएं उठाईं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि चंद्रखाल पुलिया निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द कार्य शुरू होगा।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक शशांक ने ग्रामीणों को साइबर अपराध एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए ओटीपी, फर्जी लिंक और ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की।
चौपाल में विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त किए गए। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए विशेष स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों की जांच कर आवश्यक परामर्श और उपचार भी उपलब्ध कराया गया।
Harda, Harda | Jun 10, 2026