➡️ सहकारी समितियों में सदस्यता वृद्धि और किसानों को समय पर ऋण व खाद उपलब्ध कराने पर दें विशेष ध्यान - महेंद्र सिंह यादव
➡️ अपैक्स बैंक प्रशासक ने सागर संभाग के जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
अपैक्स बैंक के प्रशासक श्री महेंद्र सिंह यादव ने सागर संभाग के जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों की विभागीय समीक्षा बैठक जिला सहकारी बैंक सागर के सभागार में आयोजित की। बैठक में उन्होंने प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्थाओं में सदस्यता वृद्धि अभियान तथा खरीफ 2026 के लिए किसानों को ऋण वितरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
श्री यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। सरकार किसानों एवं सर्वहारा वर्ग के हितों के संरक्षण और उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए सतत प्रयासरत है। किसानों को कृषि एवं सहकारिता क्षेत्र की योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के उद्देश्य से अपैक्स बैंक द्वारा 14 अप्रैल 2026 से 30 जून 2026 तक 10 लाख किसानों को सहकारिता से जोड़ने के लिए सदस्यता महाअभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि किसानों से 500 रुपये अंश पूंजी एवं 100 रुपये सदस्यता शुल्क प्राप्त कर उन्हें सहकारी संस्थाओं का सदस्य बनाया जाए, जिससे वे शून्य प्रतिशत ब्याज सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने समिति प्रबंधकों को सदस्यता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने तथा जिला बैंकों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को इसकी सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
बैठक में श्री यादव ने ऋण वसूली पर भी विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी ऋण वसूली के लिए निरंतर प्रयास करें, जिससे सहकारी बैंक वित्तीय रूप से मजबूत बनें और सहकारी आंदोलन निरंतर प्रगति करता रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान का उल्लेख करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए घर, कार्यालय एवं संस्थानों में पौधारोपण किया जाना चाहिए। साथ ही किसानों को प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम से जोड़ने के प्रयास भी किए जाएं, ताकि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकें।
श्री यादव ने निर्देश दिए कि आगामी खरीफ सीजन 2026 में किसानों को खाद वितरण में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आनी चाहिए। समितियों के माध्यम से किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने के लिए विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही बैंक के सभी शाखा प्रबंधकों एवं अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यदि किसी प्रकार की व्यावहारिक समस्या शासन स्तर पर हो तो उन्हें अवगत कराया जाए, ताकि उसका शीघ्र निराकरण कराया जा सके।
बैठक का संचालन आईटी मैनेजर श्री आशीष राजोरिया एवं सहायक प्रबंधक श्री अनुराग द्वारा किया गया। इस अवसर पर संभागीय शाखा प्रबंधक अपैक्स बैंक सागर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज दुरेजा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। बैठक के अंत में अपैक्स बैंक के प्रशासक श्री महेंद्र सिंह यादव का बैंक प्रबंधन एवं कर्मचारी यूनियन द्वारा शाल-श्रीफल, स्मृति चिन्ह तथा बुंदेली परंपरा के अनुसार साफा बांधकर स्वागत किया गया।
बैठक में अपैक्स बैंक के ओएसडी श्री अभय प्रधान, संभागीय शाखा प्रबंधक श्री वर्मन, श्री सुशील शुक्ला, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक सागर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज दुरेजा, श्री एस.के. कनोजिया पन्ना, श्री अभिषेक मोहन व्यास दमोह, श्री शिवम शाह छतरपुर, श्री अनुपम पांडेय टीकमगढ़, सुश्री रितु मीना, प्रबंधक लेखा, श्री राजेश जैन, विपणन प्रभारी तथा श्री अरविंद पांडेय, फील्ड प्रभारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक उपरांत श्री यादव ने अधिकारियों के साथ बैंक परिसर में वृक्षारोपण भी किया।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #sagar