धर्मपुर में हरिजन बस्ती के समीप शिवरेज टैंक बनाने का विरोध, ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
सुहरा बाल्ही के ग्रामीणों ने दूसरी जगह टैंक बनाने की उठाई मांग, बोले—बस्ती के साथ स्कूल और पेयजल योजना को भी हो सकता है नुकसान
धर्मपुर (मंडी)। उपमंडल धर्मपुर की नगर पंचायत धर्मपुर के वार्ड नंबर-6, बरडाना-2/सुहरा बाल्ही में हरिजन बस्ती के समीप प्रस्तावित शिवरेज टैंक के निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने विरोध जताया है। इस संबंध में समस्त ग्राम निवासियों ने उपमंडल अधिकारी (ना.) धर्मपुर जोगिंदर पटियाल को ज्ञापन सौंपकर टैंक का निर्माण किसी दूसरी उपयुक्त जगह पर करवाने की मांग उठाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि सुहरा बाल्ही की अनुसूचित जाति बस्ती के समीप शिवरेज टैंक का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि टैंक के बस्ती के बिल्कुल नजदीक बनने से स्थानीय
ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि टैंक के संभावित दुष्प्रभावों को ध्यान में रखते हुए इसका निर्माण किसी अन्य स्थान पर करवाया जाना चाहिए, ताकि बस्ती के निवासियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि संबंधित विभाग मौके की स्थिति का निरीक्षण कर उचित निर्णय ले और ग्रामीणों की आपत्तियों पर विचार करने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाए।
एसडीएम ने संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा मामला
इस मामले में एसडीएम धर्मपुर जोगिंदर पटियाल ने कहा कि ग्रामीणों की ओर से प्राप्त ज्ञापन को संबंधित विभाग और नगर पंचायत को आगामी कार्रवाई के लिए प्रेषित किया जाएगा।
पहले से चिन्हित है स्थान : अधिशासी अभियंता
वहीं, जल शक्ति विभाग मंडल धर्मपुर-भराड़ी के अधिशासी अभियंता ई. विवेक हाजरी ने बताया कि संबंधित स्थान को देखा गया है और यह जगह पहले से ही चिन्हित है।
अब देखना होगा कि ग्रामीणों की आपत्तियों और विभाग की ओर से पहले से चिन्हित स्थल को लेकर प्रशासन व संबंधित विभाग क्या निर्णय लेते हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनकी मांग पर उचित विचार करते हुए ऐसा समाधान निकाला जाएगा, जिससे स्थानीय आबादी और आसपास की सार्वजनिक सुविधाओं को लेकर उनकी चिंताओं का समाधान हो सके।
इस मौके पर पंचायत समिति धर्मपुर के पूर्व अध्यक्ष राकेश कुमार, पूर्व प्रधान व महिला मंडल प्रधान शारदा देवी, प्रेम चंद, गोकल चंद, राकेश कुमार, राज कुमार, विधिचंद, रजनी देवी, हल्कु राम, पवन कुमार, राहुल, चमन लाल, हिमा देवी, रीता देवी, वंदना, पिंकी, सतीश कुमार, प्रीति, व अभिषेक शामिल रहे।
Dharmpur, Mandi | Oct 21, 2026