केटीपीएस में ट्रांसफार्मर में लगी आग, प्लांट प्रशासन की तत्परता से टला बड़ा हादसा
कोडरमा थर्मल पावर स्टेशन (केटीपीएस) में सोमवार शाम अचानक ट्रांसफार्मर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, 5-5 सौ मेगावाट क्षमता वाले नए यूनिट के निर्माणाधीन टरबाइन नंबर दो के पास स्थित एक ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख प्लांट में मौजूद कर्मियों के बीच कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही प्लांट प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की। समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में ट्रांसफार्मर के जलने की बात सामने आई है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी व्यक्ति के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।