बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव बहलीमपुरा में एक महिला पर अपने पति की तौलिये से गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगा है। परिजनों के मुताबिक, पति पत्नी के कथित अवैध संबंधों का विरोध करता था। घटना के बाद महिला अपने पति के अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गई। रिश्तेदारों के पहुंचने पर उसके गले पर निशान देखकर शक हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मृतक की मां अंगूरी देवी की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी पत्नी प्रीति को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया गया कि घटना के समय दंपती की आठ साल की बेटी भी घर में मौजूद थी। इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें महिला द्वारा अपने पति का गला दबाने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वीडियो की पुलिस स्तर से पुष्टि किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है।
परिजनों का आरोप है कि महिला अपने कथित प्रेमी के साथ फरार होने की तैयारी में थी और इसके लिए संपत्ति बेचने की कोशिश कर रही थी। परिवार के लोगों ने बताया कि कुछ महीने पहले करीब 35 लाख रुपये में एक प्लॉट बेचने की बात भी सामने आई थी। परिवार की करीब तीन बीघा जमीन, मकान और एक प्लॉट को लेकर भी विवाद बताया जा रहा है।
इकलौते बेटे की मौत के बाद मृतक की मां अंगूरी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।
Baraut, Bagpat | Aug 27, 2026