ग्राम पंचायत बसोबा, कुमर्रा खास और रामनगर में धूमधाम से निकली गुरु रविदास कलश वंदन समरसता यात्रा
--
संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 650वीं जन्म जयंती के पावन अवसर पर क्षेत्र में भक्ति और सामाजिक समरसता का अनूठा संगम देखने को मिला। क्षेत्र की ग्राम पंचायत बसोबा, कुमर्रा खास एवं रामनगर में भव्य 'गुरु रविदास जी महाराज कलश वंदन समरसता यात्रा' अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में निकाली गई।
यात्रा का मुख्य उद्देश्य संत रविदास जी के मानवतावादी संदेशों, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को जन-जन तक पहुँचाना रहा। तीनों ग्राम पंचायतों में यात्रा के प्रवेश करते ही ग्रामीणों ने पलक-पावड़े बिछाकर इसका स्वागत किया। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में मंगल कलश धारण कर वंदन किया, वहीं युवाओं और बुजुर्गों ने गुरुदेव के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद लिया।
यात्रा के दौरान पूरा मार्ग "संत रविदास जी महाराज की जय" और भजनों के जयकारों से गुंजायमान रहा। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध जनों ने संत जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके विचार आज के समय में समाज को एकजुट रखने के लिए सबसे बड़े प्रेरणास्रोत हैं। यात्रा में बड़ी संख्या में माताएं-बहनें, युवा और ग्रामवासी शामिल हुए।
#SantRavidasJayanti
#कलश_वंदन_यात्रा #jansamparkMP #niwari
Niwari, Madhya Pradesh | Aug 27, 2026