एडीजी के औचक निरीक्षण से पुलिस कार्यालय में मची खलबली
कई पटलों के अभिलेख खंगाले, कमियां मिलने पर पुलिसकर्मियों को लगाई फटकार
उरई (जालौन)। अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) अनुपम कुलश्रेष्ठ ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। एडीजी के अचानक कार्यालय पहुंचने से अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल मच गई। उन्होंने कार्यालय के विभिन्न पटलों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए अभिलेखों और पत्रावलियों की जांच की।
निरीक्षण के दौरान एडीजी ने संबंधित कर्मचारियों से लंबित प्रकरणों की जानकारी ली और उनके निस्तारण की स्थिति भी परखी। उन्होंने कार्यालय में रखे अभिलेखों के रखरखाव तथा कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
इस दौरान कुछ पटलों पर व्यवस्थाओं में कमियां मिलने पर एडीजी ने संबंधित पुलिसकर्मियों को फटकार लगाते हुए कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभिलेखों को नियमित रूप से दुरुस्त रखा जाए और लंबित मामलों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
एडीजी ने पुलिस कार्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने, कार्यों में लापरवाही न बरतने और जिम्मेदारी के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उनके निरीक्षण के दौरान पुलिस कार्यालय में काफी देर तक अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हलचल बनी रही।
Jalaun, Jalaun | Sep 16, 2026