*जन-विश्वास शिविर में ग्राम लसुड़िया परमार जिला इंदौर में उमड़ा जनसैलाब, मौके पर सुनीं समस्याएं और किया गया हाथों-हाथ निराकरण*
----
*ग्रामीणों की सहभागिता से बनी गांव के विकास की योजना*
-----
*ग्रामीणों को मिली अनेक सौगातें*
इंदौर, 21 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार शासन-प्रशासन को गांव की चौपाल तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 के तहत आज शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र सांवेर के ग्राम लसुड़िया परमार जिला इंदौर में जन-विश्वास शिविर आयोजित किया गया। डॉ. अंबेडकर सामुदायिक भवन परिसर में आयोजित शिविर में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और अनेक मामलों में मौके पर ही समाधान की कार्रवाई की। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, प्रमुख सचिव राजस्व श्री ई. रमेश कुमार, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीना सतीश मालवीय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री रोशन राय, जनपद इंदौर अध्यक्ष श्री कान्हा पटेल, सरपंच श्रीमती त्रिशिता रवि बाजपेयी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
*गांव की गलियों में घूमकर अधिकारियों ने लिया मैदानी जायजा*
जन-विश्वास शिविर केवल शिकायतों की सुनवाई तक सीमित नहीं रहा। अधिकारियों ने क्षेत्र की शासकीय संस्थाओं और आधारभूत सुविधाओं का मैदानी निरीक्षण किया तथा शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति जानी। नागरिकों से सीधे संवाद कर यह भी समझा गया कि योजनाओं और लोक सेवाओं का लाभ उन्हें किस तरह मिल रहा है।
*समस्याओं संबंधी आवेदनों का हाथों-हाथ निराकरण*
सीएम हेल्पलाइन, इंदौर 311 ऐप, जनसुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम से संबंधित लंबित प्रकरणों की भी मंत्री श्री सिलावट द्वारा समीक्षा की गई। जिन प्रकरणों का निराकरण जिला स्तर पर संभव था, उनमें त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। राज्य स्तर से निर्णय, बजट अथवा तकनीकी स्वीकृति की आवश्यकता वाले मामलों को संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों से समन्वय कर समयबद्ध निराकरण के लिए आगे बढ़ाया गया।
शिविर में कुल 115 आवेदन प्राप्त हुए, इनमें से 66 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष 49 आवेदनों के निराकरण की समयसीमा तय कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
*स्वास्थ्य शिविर भी लगा स्वास्थ्य जांच के साथ आधार अपडेशन की सुविधा*
इस अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया, जो नागरिकों के लिए विशेष रूप से उपयोगी रहा। शिविर में 88 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं। साथ ही 35 नागरिकों के आधार अपडेशन का कार्य भी किया गया। इससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधा के साथ आवश्यक दस्तावेज संबंधी सेवाएं भी एक ही स्थान पर उपलब्ध हुईं। साथ ही आयुष विभाग ने 227 रोगियों को वात व्याधि, अर्श, चर्म रोग, उदर रोग, श्वास कास, नेत्र रोग, नाक कान गला रोग, पुराने घाव के लिए स्वास्थ्य परीक्षण परामर्श कर निःशुल्क औषधि वितरण किया गया।
*मंत्री, कलेक्टर और अधिकारी एक ही बस से जन-विश्वास शिविर में पहुँचे*
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत लसुडिया परमार में आयोजित जन-विश्वास शिविर में शामिल होने के लिए जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति तथा अपर कलेक्टर श्री रोशन राय सहित जिले के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि आज सुबह कलेक्टर कार्यालय से एक ही बस में सवार होकर लसूडिया परमार पहुँचे।
*जन विश्वास अभियान में अनूठी पहल, ग्रामीणों की सहभागिता से बनी गांव के विकास की योजना*
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 के तहत आज लसुड़िया परमार में जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव श्री ई. रमेश कुमार, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा तथा पुलिस अधीक्षक श्री राजेंद्र वर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने ग्राम का भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं, आवश्यकताओं और गांव में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली।
अधिकारियों ने पंचायत भवन में पंचायत पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक की। इस दौरान ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती त्रिशिता रवि वाजपेयी ने गांव में अब तक किए गए विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ग्राम में आगामी समय में आवश्यक विकास कार्यों और प्राथमिकताओं से भी अधिकारियों को अवगत कराया।
बैठक में ग्रामीणों ने भी अपनी विभिन्न मांगें एवं समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। ग्रामीणों द्वारा बताई गई आवश्यकताओं और स्थानीय प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों की सहभागिता से गांव के समग्र विकास की कार्ययोजना तैयार की गई तथा विभिन्न विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान करने के लिए सहमति बनी।
*लसूडिया परमार गांव की स्वच्छता और विकास से अभिभूत हुए अधिकारी और जनप्रतिनिधि*
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत लसूडिया परमार गांव पहुंचे जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने गांव की स्वच्छता, सुव्यवस्थित विकास और ग्रामीण सुविधाओं की सराहना की। गांव की बेहतर व्यवस्थाओं को देखकर अधिकारी और जनप्रतिनिधि अभिभूत नजर आए।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने गांव में बनाए गए सर्वसुविधायुक्त पंचायत भवन का अवलोकन किया और इसकी व्यवस्थाओं की सराहना की। पंचायत भवन के समीप विकसित किए गए खेल मैदान और उद्यान को देखकर भी उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। उद्यान में ग्रामीणों की सुविधा के लिए स्थापित ओपन जिम को भी उन्होंने सराहा।
खेल मैदान का निरीक्षण करते समय अधिकारी और जनप्रतिनिधि बच्चों के साथ घुल-मिल गए। उन्होंने बच्चों के साथ बास्केटबॉल और क्रिकेट खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों को खेल सामग्री का वितरण किया गया।
*श्रमदान कर की गई सफाई*
गांव में साफ-सफाई और स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था देखकर अधिकारियों ने ग्रामीणों और पंचायत द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गांव के विकास के साथ स्वच्छता और सामुदायिक सुविधाओं का बेहतर होना ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव का संकेत है। मंत्री श्री सिलावट, कलेक्टर श्री वर्मा सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने श्रमदान कर सफाई की।
*स्कूल का निरीक्षण*
मंत्री श्री सिलावट, कलेक्टर श्री वर्मा और अन्य अधिकारियों ने गांव के स्कूल एवं राशन वितरण केन्द्र का भी निरीक्षण किया। स्कूल में बच्चों की कम उपस्थिति पाए जाने पर उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षक पालकों से नियमित संपर्क करें और उन्हें बच्चों को प्रतिदिन स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करें। अधिकारियों ने कहा कि बच्चों की शिक्षा और नियमित विद्यालय उपस्थिति पर विशेष ध्यान दिया जाए। इस अवसर पर बच्चों को स्कूली बैग और अन्य पाठ्य सामग्री भी वितरित की गई।
*गाँव को मिली सौगात*
कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने 31 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित डॉ. अंबेडकर सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी किया। इस सामुदायिक भवन के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
*कृषक भवन का लोकार्पण*
किसानों की सुविधा के लिए बनाए गए अटल कृषक भवन का लोकार्पण भी आज किया गया। 11.50 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह कृषक भवन ग्राम पंचायत भवन के ऊपर स्थित है। भवन के निर्माण से किसानों को विभिन्न कृषि संबंधी कार्यों एवं बैठकों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।
*महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता का केंद्र बनेगा महिला सिलाई प्रशिक्षण केंद्र*
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत लसुडिया परमार में भ्रमण के दौरान जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट एवं अधिकारियों ने ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित महिला सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण केंद्र की व्यवस्थाओं और महिलाओं को दिए जा रहे सिलाई प्रशिक्षण की सराहना की।
मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि यह केंद्र महिलाओं के आर्थिक उत्थान और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र का और अधिक विस्तार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इसका लाभ लेकर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में केंद्र में 10 सिलाई मशीनें उपलब्ध हैं, जिनकी संख्या बढ़ाकर 20 की जाएगी। साथ ही, महिलाओं को बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए केंद्र के लिए नया भवन भी बनाया जाएगा।
*कूड़े-कचरे के ढेर को हटाकर बनाई गई जन विश्वास वाटिका*
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश देने वाली अनूठी पहल की गई। लसूडिया परमार में कूड़े-कचरे के ढेर वाले स्थान को साफ-सुथरा कर ‘जन विश्वास वाटिका’ के रूप में विकसित किया गया। यहां 101 पौधे लगाए गए।
जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीना सतीश मालवीय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री रोशन राय सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने जन-विश्वास वाटिका में पौधारोपण किया।
*लसुडिया परमार में उद्यम संवाद कार्यक्रम संपन्न, नव उद्यमियों ने साझा किए अनुभव*
लसूडिया परमार में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में उद्यम संवाद का आयोजन किया गया। इसमें नव उद्यमियों ने अपने व्यवसाय और स्वरोजगार से जुड़े अनुभव साझा किए तथा शासन की विभिन्न योजनाओं से मिल रही सहायता की जानकारी दी।
उद्यम संवाद में इश्वरानंद तिवारी ने पॉली पैक व्यवसाय, तेजपाल सिंह होरा ने सुखमनी इलेक्ट्रिकल, गुरमीत सिंह ने ZEE LABS, अजय मेहता ने Apparel Shop के माध्यम से संचालित गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।
नव उद्यमियों ने बताया कि शासन की योजनाओं से उन्हें अपने व्यवसाय को शुरू करने और आगे बढ़ाने में सहयोग मिला है। कार्यक्रम में अधिकारियों ने भी नव उद्यमियों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर MSME प्रोत्साहन योजना तथा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने के लिए उद्यमिता को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
गांव भ्रमण के दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने गांव में निर्मित जल संरचनाओं को देखा और जल संवर्धन तथा जल संरक्षण के लिए किए गए कार्यों का अवलोकन भी किया।
*ग्रामीणों को मिली आर्थिक सहायता*
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत विभिन्न लाभार्थी को विभिन्न योजनाओं में लाभ प्रदान किया गया। इसी प्रकार पीरकराडिया निवासी श्री सुखलाल मानसारे को आरबीसी योजना अंतर्गत प्राकृतिक आपदा होने पर एक 40 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। साथ ही मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में स्व-सहायता समूह को 30 लाख रुपए का ऋण उपलब्ध कराया गया। शिविर में विभिन्न लाभार्थियों को भी लाभान्वित करते हुए पात्रता पर्ची, सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन (शक्ति चलित स्प्रे पंप) तथा न्यायालय शिप्रा अंतर्गत अविवादित नामांतरण के आवेदकगणों को नामान्तर के उपरांत आदेश तथा खसरा की प्रतियां उपलब्ध कराई गई।
*जन-विश्वास अभियान में तीन ग्रामों की शासकीय भूमि आबादी मद में परिवर्तित*
-----
*करीब पौने सात सौ ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ*
जन-विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने घोषणा करते हुए कहा कि सांवेर तहसील के 3 ग्रामों की शासकीय भूमि आबादी मद में परिवर्तित की गई है, जिसमें 137 मकानों के पट्टे का वितरण होगा तथा लगभग 670 व्यक्तियों को इसका लाभ प्राप्त होगा।
बताया गया कि ग्राम कदवालीखुर्द की भूमि सर्वे नम्बर 199 रकबा 0.793 हैक्टेयर में से 0.405 हैक्टेयर शासकीय मद से आबादी मद में परिवर्तित की गई। उक्त आबादी भूमि में लगभग 12 मकान बने हैं जिसमें 40 लोग निवासरत हैं तथा 20 मकान और बन सकते हैं। इस प्रकार लगभग 32 मकानों को पट्टे वितरण होना है जिससे लगभग 150 लोगों को लाभ मिलेगा।
ग्राम बूढ़ीबरलाई की भूमि सर्वे नम्बर 390 रकबा 0.914 हैक्टेयर, सर्वे नम्बर 416/1, 416/2 रकबा 0.186 कुल रकबा 1.100 हैक्टेयर भूमि को शासकीय मद से आबादी मद में परिवर्तित की गई है। उक्त आबादी में भूमि में लगभग 60 मकान बने हुए हैं जिसमे 60 पट्टे वितरण होना है जिससे लगभग 270 लोगों को लाभ मिलेगा।
ग्राम पीरकराड़िया की भूमि सर्वे नम्बर 329/2 रकबा 0.522 में से 0.200 हैक्टेयर व सर्वे कमांक 179/1/3 रकबा 0.129 हेक्टेयर कुल 0.329 हैक्टेयर भूमि शासकीय मद से आबादी मद में परिवर्तित की गई है। उक्त भूमि पर लगभग 35 मकान बने हैं तथा 10 मकान और बन सकते हैं, जिसमें कुल 45 पट्टे वितरण होंगे जिससे लगभग 210 लोगों को लाभ मिलेगा।
जन-विश्वास शिविर में लसुड़िया परमार सहित बुढ़ी बरलाई, पीरकराड़िया, पूर्वाड़ाहप्पा, पूर्वाड़ादाई, बरलई जागीर, मकोडिया, मांगलिया सड़क, सुल्लाखेड़ी, रामपिपल्या, ढाबली, डकाच्या, पलासिया, मंडलावदा सहित लसुड़िया परमार क्षेत्र के नागरिक शामिल हुए। जिला प्रशासन, जिला पंचायत एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एक साथ मौके पर मौजूद रहे। इससे नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर संबंधित अधिकारियों से संवाद का अवसर मिला।
-----
#JansamparkMP #indore #इंदौर #JanVishwasAbhiyan
#JanVishwasAbhiyan2026
#हर_शुक्रवार_जनता_के_नाम
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Collector Office Indore
Indore Commissioner
Indore, Madhya Pradesh | Aug 21, 2026