GDC बड़कोट बस विवाद: छात्रों ने SDM से की मुलाकात, बोले- बस सेवा बाधित हुई तो होगा उग्र आंदोलन
SDM ने दिया आश्वासन- वर्तमान व्यवस्था जारी रहेगी, दूसरी बस की भी होगी व्यवस्था
बड़कोट। राजकीय महाविद्यालय (GDC) बड़कोट में संचालित छात्र-छात्राओं की बस सेवा को लेकर चल रहे विवाद के बीच शुक्रवार को छात्र-छात्राओं ने उपजिलाधिकारी बड़कोट से मुलाकात की। छात्रों ने बस सेवा को सुचारू रूप से जारी रखने और भविष्य में महाविद्यालय के लिए अलग बस उपलब्ध कराने की मांग एसडीएम के समक्ष रखी।
छात्रों के अनुसार वार्ता के दौरान SDM बड़कोट ने आश्वासन दिया कि वर्तमान में जिस प्रकार बस संचालित हो रही है, उसी प्रकार आगे भी बस सेवा संचालित होती रहेगी। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में पालीगढ़, कुठनौर, खरादी और आसपास के क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय तक लाने के लिए दूसरी बस की व्यवस्था का प्रयास किया जाएगा।
SDM ने यह भी कहा कि यदि जिला योजना में संशोधन होता है तो महाविद्यालय के लिए एक अलग बस उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, यदि जिला योजना में संशोधन नहीं हो पाता है तो किसी अन्य माध्यम से महाविद्यालय के लिए बस संचालन की व्यवस्था करने का प्रयास किया जाएगा।
एसडीएम से मुलाकात के बाद छात्रों ने बातचीत में आरोप लगाया कि बस को लेकर उत्पन्न विवाद चालक और परिचालक के परिवार के किसी व्यक्ति की ओर से खड़ा किया गया है। छात्रों का कहना है कि एक चालक और परिचालक के कारण बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के भविष्य और उनकी कॉलेज पहुंचने की सुविधा प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष से भी छात्रों ने पूछे सवाल
छात्रों ने नगर पालिका अध्यक्ष से सवाल करते हुए कहा कि यदि बस का संचालन हो रहा है और प्रशासन की ओर से SOP जारी की गई है, तो फिर बस संचालन को लेकर समस्या किस बात की है।
छात्रों ने बस के समय को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि पीएम श्री बड़कोट विद्यालय के छात्र-छात्राओं के विद्यालय पहुंचने का समय सुबह 7 बजे है। इसके बाद करीब 8:30 बजे यही बस महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को कॉलेज पहुंचाती है।
छात्रों के अनुसार दोपहर में विद्यालय की छुट्टी होने के बाद बस स्कूली छात्र-छात्राओं को उनके घर तक छोड़ती है और इसके बाद महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को कॉलेज से वापस बड़कोट लाती है।
छात्रों का कहना है कि जब एक ही संसाधन से विद्यालय और महाविद्यालय दोनों की परिवहन व्यवस्था सही तरीके से संचालित हो सकती है, तो फिर इस व्यवस्था से किसी को क्या परेशानी है?
बस सेवा में बाधा हुई तो आंदोलन की चेतावनी
बस विवाद को लेकर छात्रों ने अब आंदोलन की चेतावनी भी दी है। छात्रों ने कहा कि यदि कोई भी जनप्रतिनिधि अथवा प्रतिनिधि महाविद्यालय में बस संचालन में किसी भी प्रकार की असुविधा उत्पन्न करने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ पुतला दहन किया जाएगा।
छात्रों ने नगर पालिका अध्यक्ष को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि नगर पालिका अध्यक्ष की ओर से कोई भी विवाद उत्पन्न किया जाएगा तो नगर पालिका बड़कोट घेराव किया जाएगा DM Uttarkashi Sampan Bahuguna
Puraula, Uttarkashi | Aug 28, 2026