एक साल में ही धराशायी हुई ₹42 लाख की कब्रिस्तान बाउंड्री
निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल, 50 फीट दीवार गिरी
कैमूर जिले के दुर्गावती प्रखंड के डहला मोड़ स्थित कब्रिस्तान की घेराबंदी के लिए करीब एक वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के तहत लगभग 42 लाख रुपये की लागत से बनाई गई बाउंड्री वॉल शनिवार सुबह अचानक भरभराकर गिर गई।
कब्रिस्तान की करीब 50 फीट लंबी दीवार के गिरने से स्थानीय लोगों में नाराजगी और मायूसी का माहौल है। लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी लागत से बनी दीवार महज एक साल में ही गिर गई, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई और बाउंड्री के पुनर्निर्माण की मांग की है। घटना के बाद कब्रिस्तान की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
Mohania, Kaimur | Jul 25, 2026