श्रावणी मेला-2026 का आज होगा भव्य शुभारंभ, सुल्तानगंज में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे उद्घाटन
भागलपुर, 28 जुलाई: विश्वविख्यात श्रावणी मेला-2026 का भव्य शुभारंभ आज अपराह्न 3:00 बजे सुल्तानगंज के नमामि गंगे घाट (जहाज घाट) पर होगा। उद्घाटन बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा।
समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं विजेंद्र प्रसाद यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल करेंगे।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री नितीश मिश्रा, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र, खान एवं भूतत्व तथा कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह सहित कई सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, जिला परिषद अध्यक्ष एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
जिला प्रशासन ने बताया कि श्रावणी मेला-2026 के सफल एवं सुरक्षित आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत आपूर्ति, नियंत्रण कक्ष, आपदा प्रबंधन, सहायता केंद्र और पार्किंग सहित सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की गई है।
जिला प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों, आमंत्रित अतिथियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से उद्घाटन समारोह में शामिल होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने की अपील की है। श्रावणी मेला को बिहार की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं लोक परंपरा का महापर्व बताते हुए प्रशासन ने सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित आयोजन का भरोसा दिलाया।
Amarpur, Banka | Jul 28, 2026