कोटा नागरिक सहकारी बैंक की 62वीं आमसभा में 62 हजार सदस्यों को 10 प्रतिशत लाभांश की घोषणा
65 नवनिर्वाचित पार्षद और बैंक के 51 वरिष्ठ सदस्य हुए सम्मानित, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला रहे मुख्य अतिथि
नागरिक सहकारी बैंक प्रगति के पथ पर दर्ज किया 382.18 लाख रूप्ये का लाभ
कोटा। कोटा नागरिक सहकारी बैंक की 62वीं आमसभा एवं सम्मान समारोह रविवार को श्री माहेश्वरी भवन, झालावाड़ रोड पर आयोजित किया गया। समारोह में बैंक की ओर से शहर के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ बैंक के वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। आमसभा में गतआमसभा 29 सितम्बर 2025 की पुष्टि,वर्ष 2025—26 के वार्षिक प्रतिवेदन का अनुमोदन,संतुलित चित्र,लाभहानि खाता,अंकेषण पत्र आगमी वर्ष का बजट स्वीकृत किया गया।
बैंक अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कोटा नागरिक सहकारी बैंक जनता का बैंक है और बैंक से जुड़े लोगों का विश्वास ही इसकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने बताया कि आमसभा में बैंक के करीब 62 हजार सदस्यों के लिए 10 प्रतिशत लाभांश की घोषणा की गई है। उन्होंने कहा कि बैंक ने वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और सदस्य हितों को प्राथमिकता देते हुए निरंतर प्रगति की है।
समारोह में शहर के 65 नवनिर्वाचित पार्षदों तथा बैंक के 51 वरिष्ठ सदस्यों को मंच पर सम्मानित किया गया। बैंक प्रबंधन संचालक वीना बैरवा ने कार्यक्रम का संचालन किया।
आमसभा में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, महापौर अनुसूईया गोस्वामी, उपमहापौर विवेक राजवंशी, भाजपा नेता पंकज मेहता, कोटा जिलाध्यक्ष राकेश जैन, देहात जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर, सरस डेयरी चेयरमैन चैनसिंह राठौड़ और मार्केटिंग चेयरमैन निहालसिंह राठौड़ सहित जनप्रतिनिधि एवं बैंक से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रबंध संचालक बीना बैरवा ने आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2025-26 में बैंक की सदस्य संख्या 62,059, शेयर पूंजी 1,513.55 लाख रुपये, जमा राशि 84,536.30 लाख रुपये तथा ऋण बकाया 38,165.59 लाख रुपये रहा। नेट एनपीए 1.98 प्रतिशत व इस अवधि में 382.18 लाख रुपये का लाभ अर्जित किया।
Ladpura, Kota | Sep 27, 2026