भाजपा सरकार की नाकामियों पर सपा प्रदेश सचिव ने साधा निशाना, 2027 में जनहितकारी योजनाएं लागू करने का दावा
बांदा। समाजवादी पार्टी कार्यालय बिजलीखेड़ा, बांदा में मंगलवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव महेश कश्यप झांसी से अपने समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे। इस दौरान आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने भाजपा सरकार के साढ़े नौ वर्षों के कार्यकाल को लेकर कई सवाल उठाए और सरकार की नीतियों की आलोचना की।
महेश कश्यप ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई चरम पर पहुंच गई है, कानून-व्यवस्था की स्थिति कमजोर हुई है और शिक्षा का स्तर लगातार गिरता जा रहा है। उन्होंने पेपर लीक के मामलों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस मामले में सरकार ने “गिनीज बुक में रिकॉर्ड” बनाने जैसा काम किया है।
उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकारी अस्पतालों में न तो पर्याप्त दवाइयां उपलब्ध हैं और न ही डॉक्टरों की पर्याप्त व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि मरीजों को बाहर से दवाइयां खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
प्रदेश सचिव ने आरोप लगाया कि सरकारी कर्मचारी और अधिकारी तानाशाही रवैया अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में समाजवादी पार्टी की सरकार और तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कार्यकाल में कई जनकल्याणकारी योजनाएं धरातल पर उतारी गई थीं, लेकिन भाजपा सरकार ने उनमें से कई योजनाओं को बंद करने का काम किया।
महेश कश्यप ने दावा किया कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर आम जनता के लिए कई नई जनहितकारी योजनाएं लागू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली, प्रत्येक महिला को ₹40,000 वार्षिक सम्मान निधि तथा बच्चियों को केजी से पीजी तक निशुल्क शिक्षा देने सहित अन्य योजनाओं का लाभ आमजन को उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने अपने वक्तव्य में कार्यकर्ताओं और आम जनता को भाजपा के कथित दलालों से सावधान रहने की नसीहत भी दी।
प्रेस वार्ता एवं कार्यक्रम में लोकसभा प्रभारी उमेश यादव, युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव ओम नारायण त्रिपाठी ‘विदित’, छात्र सभा के राष्ट्रीय सचिव प्रमोद गुप्ता ‘राजा’, पूर्व प्रत्याशी अशोक सिंह गौर, पूर्व जिलाध्यक्ष इमरान अली राजू, विजय करण, शमीम बांदवी, रामलाल प्रजापति, दिलीप पटवा, राजन चंदेल, नासिर खान, आमिर खान मन्नी, निलेश श्रीवास, अजय निषाद, सर्वेश पाल, अंकित पाल, के.के. यादव, नीरज पाल, रहीस खान, बउआ परिहार, जनमेजय सिंह, सिकंदर यादव, मनी कश्यप, अनुपम लोहवंशी, अवध बिहारी यादव सहित करीब आधा सैकड़ा नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम की जानकारी समाजवादी पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी एवं प्रवक्ता प्रमोद गुप्ता ‘राजा’ ने दी।
Banda, Banda | Jul 28, 2026