भिवानी में बिना लाइसेंस के अवैध हथियार रखने के मामले में आरोपी को किया गिरफ्तार
*पुलिस टीम द्वारा आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्तौल बरामद।*
पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार, आईपीएस द्वारा जिला पुलिस को जिले में बिना लाइसेंस के अवैध हथियार रखने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों की पालना में कार्रवाई करते हुए सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी ने बिना लाइसेंस के अवैध हथियार रखने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
दिनांक 27.07.2026 को सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी के मुख्य सिपाही राजीव अपनी पुलिस टीम के साथ गश्त व अपराध रोकथाम ड्यूटी के दौरान देवीलाल चौक, भिवानी में मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस टीम को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति चारा मंडी भिवानी के अंदर जाने वाले रास्ते पर खड़ा है, जिसके पास बिना लाइसेंस का अवैध हथियार है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत बताए गए स्थान पर रेड की और एक व्यक्ति को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
*गिरफ्तार आरोपी की पहचान सचिन पुत्र संजय निवासी गांव खरक खुर्द, जिला भिवानी के रूप में हुई है।*
*पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्तौल बरामद की है।*
आरोपी के विरुद्ध शस्त्र अधिनियम के तहत थाना शहर भिवानी में मामला दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उक्त अवैध हथियार अपने एक दोस्त से लेकर आया था। पुलिस आरोपी से अवैध हथियार के स्रोत एवं अन्य पहलुओं के संबंध में भी गहनता से जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से माननीय न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए।
पुलिस प्रवक्ता
जिला पुलिस भिवानी।।