मंदसौर जिले के भानपुरा थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विनय बुंदेला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 481 किलोग्राम 592 ग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस के अनुसार जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है। कार्रवाई 23 सितंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम धनकपुरा स्थित श्मशान घाट के सामने की गई। पुलिस टीम ने एक टाटा कंपनी के ट्रक क्रमांक RJ14 GH6295 को रोककर तलाशी ली। ट्रक में मक्का के कट्टों के बीच छिपाकर रखा गया डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से राजू उर्फ राजवीर सिंह राठौर, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम नयागांव, थाना भानपुरा को गिरफ्तार किया। जब्त ट्रक की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 एवं 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मामले में गोपाल सिंह निवासी ग्राम एमदी, थाना शामगढ़ और दाणी सिंह निवासी ग्राम डोरी, थाना बड़ोद, जिला आगर मालवा फरार हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी विनय बुंदेला सहित भानपुरा पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।