नवलशाही बच्छेडीह के विंडोमोह विरहोर टोला में विरहोर परिवार के लगभग आधा दर्जन लोग अज्ञात बीमारी की चपेट
नवलशाही थाना क्षेत्र अंतर्गत बच्छेडीह पंचायत के विंडोमोह विरहोर टोला में निवास कर रहे तीन विरहोर परिवार के लगभग आधा दर्जन लोग अज्ञात बीमारी की चपेट में आ गए हैं। पिछले 4 दिनों से बीमार होने के कारण परिवार के सदस्यों की हालत बिगड़ती जा रही है। बीमार लोगों में ( पिंकी कुमारी, 8 वर्ष, पिता संजय बिरहोर, विशाल बिरहोर, 10 वर्ष, पिता संजय बिरहोर, गुड़िया बिरहोर, 2 वर्ष, पिता मनोज बिरहोर, मनोज बिरहोर, पिता राजू बिरहोर, शांति विरहोरनी, पति मनोज बिरहोर और कंचन विरहोरनी शामिल हैं।
परिजनों ने रविवार को 12 बजे बताया कि चार दिन पहले सभी को बुखार, उल्टी और कमजोरी की शिकायत हुई थी। इलाज के लिए वे नवलशाही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गए थे, लेकिन वहां जरूरी दवाएं उपलब्ध नहीं थीं। मजबूरी में परिवार को निजी क्लिनिक से इलाज कराना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि विरहोर परिवार बेहद गरीब है और निजी इलाज का खर्च उठाना उनके लिए मुश्किल हो रहा है। दवा और जांच के अभाव में बच्चों और महिलाओं की तबीयत लगातार गिर रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि टीम भेजकर पीड़ित परिवार का तत्काल इलाज कराया जाए और टोले में स्वास्थ्य शिविर लगाया जाए। उन्होंने कहा कि यदि समय पर इलाज नहीं हुआ तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। फिलहाल पूरा परिवार घर पर ही है और निजी डॉक्टर की सलाह पर दवाएं ले रहा है। मामले की जानकारी मिलने के बाद भी अब तक स्वास्थ्य विभाग की कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची है।