संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 650वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही 'समरसता संकल्प कलश यात्रा' विभिन्न ग्राम पंचायतों में पहुंचने पर ग्रामीणों द्वारा भव्य स्वागत किया
ग्राम पंचायतों में पहुंची संत रविदास जी की संकल्प कलश यात्रा, ग्रामीणों ने पुष्पमाला और पूजन कर किया भव्य स्वागत
--
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं पावन जन्म जयंती के पावन अवसर पर देशभर में 'समरसता संकल्प अभियान' चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में क्षेत्र में निकाली जा रही 'संकल्प कलश यात्रा' का विभिन्न ग्रामीण इलाकों में जोरदार और आत्मीय स्वागत हो रहा है।
हाल ही में यह भव्य कलश यात्रा ग्राम पंचायत बिहारीपुरा, देवरीकलरऊ, बिजौर और बाघाट पहुंची। यात्रा के गांवों में प्रवेश करते ही पूरा माहौल गुरु महाराज के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। भक्ति और उत्साह के इस माहौल में स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
श्रद्धापूर्वक किया गया कलश पूजन
गांवों में यात्रा के पहुंचने पर मातृशक्ति और स्थानीय निवासियों ने सिर पर कलश धारण कर अगवानी की। ग्रामीणों ने रथ और पवित्र कलश पर पुष्पमाला अर्पित की तथा विधि-विधान के साथ पूजन-आरती कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने गुरु रविदास जी के जीवन और उनके विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु महाराज ने समाज से ऊंच-नीच और भेदभाव मिटाकर मानवता, समानता और सामाजिक समरसता का मार्ग दिखाया था, जो आज भी अत्यंत प्रासंगिक है।
भक्तिमय रहा माहौल
इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य संत रविदास जी के लोक-कल्याणकारी संदेशों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। गांवों में हुए इस भव्य स्वागत के दौरान बड़ी संख्या में बुजुर्ग, युवा, महिलाएं और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिन्होंने समाज में आपसी सद्भाव और भाईचारा बनाए रखने का संकल्प लिया।
#SantRavidasJayanti #jansamparkMP #niwari
Niwari, Madhya Pradesh | Aug 23, 2026