विधवा ने देवर व उसके बेटों पर कब्जे और जान से मारने की धमकी का लगाया आरोप, एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार
बरेली। थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के ग्राम रूकुमपुर निवासी शान्ति देवी, पत्नी स्वर्गीय सोमपाल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर अपने देवर और उसके बेटों पर मकान की खाली जगह पर अवैध कब्जा करने, मारपीट, गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, पति की मृत्यु के बाद शान्ति देवी परिवार के भरण-पोषण के लिए मजदूरी करने चंडीगढ़ चली गई थीं। कुछ समय बाद जब वह वापस अपने गांव लौटीं तो देखा कि उनके देवर होरी लाल तथा उनके बेटे विशाल उर्फ मुन्ना भाई, आकाश, विकास और रवि ने उनके मकान की खाली पड़ी जमीन पर कब्जा कर लिया है। आरोप है कि कई बार जमीन खाली करने के लिए कहने पर आरोपी टालमटोल करते रहे। पीड़िता का यह भी कहना है कि उसके बड़े बेटे को अपने पक्ष में कर लिया गया है।
शिकायत में कहा गया है कि करीब एक माह पहले भी जमीन खाली कराने को लेकर विवाद हुआ था। वहीं 31 जुलाई 2026 को दोबारा जगह खाली करने की बात कहने पर आरोपियों ने कथित रूप से गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। शोर-शराबा सुनकर ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपित विशाल उर्फ मुन्ना भाई स्वयं को आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों से जुड़ा बताकर लगातार धमकियां देता है। प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि वह पहले एक अपहरण एवं फिरौती के मामले में गिरफ्तार हो चुका है।
शान्ति देवी ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने, अपनी जमीन को कब्जामुक्त कराने तथा स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।
#Bareillynewslive
#Bareillypolice
#Bareillypost