बहादुरगंज में जल जमाव से ग्रामीण परेशान अव्यवस्था से ग्रामीणों में आक्रोश, डीएम से लगाई गुहार
विकास खंड पडरौना के ग्राम बहादुरगंज, पोस्ट दांदोपुर में पिछले एक साल से मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या से ग्रामीणों का जीना दूभर हो गया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर तत्काल जलनिकासी और प्रधान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
*मच्छरों का प्रकोप, बीमार पड़ रहे लोग....*
लोगों ने बताया कि गांव के मुख्य आवागमन वाले मार्ग पर लगभग एक वर्ष से गंदा पानी जमा है। इससे रास्ता फिसलन भरा और जोखिमपूर्ण हो गया है। कई लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं, कई के हाथ-पैर टूट चुके हैं। गंदे पानी से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे गांव में कई लोग बीमार हैं और डेंगू-मलेरिया का खतरा बना हुआ है।
*प्रधान बोले - "मैं नहीं करवाऊंगा, जो करना है कर लो"....*
ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई बार ग्राम प्रधान से शिकायत की, लेकिन प्रधान ने कोई कदम नहीं उठाया। ग्रामीणों के अनुसार प्रधान ने कहा कि "मैं नहीं करवाऊंगा, जो करना है कर लो।" इससे ग्रामीण खुद को असहाय महसूस कर रहे हैं।
*बच्चों की शिक्षा प्रभावित....*
इसी मुख्य मार्ग से होकर स्कूली बच्चों को जाना पड़ता है। जलभराव के कारण बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई बाधित हो रही है। यह केवल सड़क की समस्या नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, सुरक्षा और शिक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बन गया है।
*डीएम ने दिया 7 दिन में कार्रवाई का निर्देश....*
प्रार्थना पत्र पर जिलाधिकारी कार्यालय ने 14/09/2026 को जांच कर 7 दिन में नियमानुसार कार्यवाही करने का निर्देश दिया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि मौके पर टीम भेजकर निरीक्षण कराया जाए और जलनिकासी का स्थायी समाधान किया जाए, साथ ही लापरवाह प्रधान के खिलाफ भी जांच हो।
#KushinagarNews #padrauna #कुशीनगर #पडरौना
Kasya, Kushinagar | Sep 17, 2026