*सुरही नदी क्षेत्र में खनिज विभाग की कार्रवाई, अवैध मुरूम उत्खनन करते दो वाहन जब्त*
खैरागढ़, 24 जून 2026/ दैनिक समाचार पत्र पत्रिका में प्रकाशित समाचार "सुरही नदी से अवैध बजरी खनन जारी, नहीं हो रही प्रभावी कार्यवाही" के संबंध में कलेक्टर के निर्देशानुसार खनिज विभाग की टीम ने 23 जून को शिकायत स्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान शिकायतित क्षेत्र में बजरी के अवैध उत्खनन अथवा परिवहन में संलग्न कोई वाहन नहीं पाया गया।
खनिज अमले द्वारा आसपास के क्षेत्रों में भी जांच की गई। इस दौरान ग्राम नादिया स्थित सुरही नदी के पास मुरूम एवं मिट्टी का अवैध उत्खनन करते हुए दो वाहन पाए गए। मौके पर संबंधित व्यक्तियों से उत्खनन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने पर कार्रवाई की गई।
खनिज विभाग ने उत्खनन कार्य में संलग्न जेसीबी मशीन क्रमांक सीजी 08 एडब्ल्यू 2801 तथा हाइवा क्रमांक सीजी 08 एजे 9088 को जब्त कर सुरक्षा की दृष्टि से थाना गंडई में रखा है। जांच में पाया गया कि जेसीबी का संचालन कमलेश्वर निवासी पथर्रा द्वारा किया जा रहा था, जबकि वाहन स्वामी तहसील पटेल निवासी नादिया हैं। वहीं हाइवा वाहन चालक धनीराम निवासी निवासपुर तथा वाहन स्वामी मिथलेश साहू निवासी देवपुरा बताए गए हैं।
खनिज विभाग के अनुसार प्रकरण में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खनिज जांच दल द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसे मामलों में नियमित कार्रवाई जारी है।
Khairagarh Chhuikhadan Gandai, Chhattisgarh | Jun 24, 2026