प्रधानमंत्री के हाथों जिला भिवानी व आसपास इलाके में चिकित्सा शिक्षा को मिलेगा नया आयाम
पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज में बनाए गए हैं छह अत्याधुनिक मेजर ऑप्रेशन और हर विभाग के साथ हैं माईनर ऑप्रेशन थिएटर
नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज में है 320 आईपीडी बेड क्षमता
भिवानी, 14 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों 17 जुलाई को पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल के शुभारंभ से जिला भिवानी व आसपास इलाके में चिकित्सा शिक्षा को नया आयाम मिलेगा। यह मेडिकल कॉलेज इस इलाके के लिए वरदान साबित होगा। यहां पर आने वाले समय में जरूरतमंद लोगों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। मेडिकल कॉलेज में विभिन्न तरह के छह मेजर ऑप्रेशन थिएटर की सुविधा होगी, जिससे अलग-अलग तरह के ऑप्रेशन एक साथ किए जा सकेंगे। इसके अलावा हर विभाग के आईसीयू बेड सुविधा के साथ छह माईनर ऑप्रेशन थिएटर हैं। नवनिर्मित मेडिकल होस्पीटल की 320 आईपीडी बेड की क्षमता है, जबकि सामान्य अस्पताल में 300 बेड की क्षमता पहले से ही है।
डीसी साहिल गुप्ता द्वारा मेडिकल कॉलेज के शुभारंभ समारोह को यादगार बनाने के लिए चिकित्सा विभाग के साथ-साथ अन्य संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो तैयारियों को अमलीजामा पहना रहे हैं। वहीं दूसरी चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के महानिदेशक यशेन्द्र सिंह द्वारा भिवानी पहुंचकर विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर मेडिकल कॉलेज के शुभारंभ समारोह की तैयारियों की समीक्षा कर जरूरी निर्देश दिए जा चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री श्री मोदी भिवानी में नव निर्मित मेडिकल कॉलेज का शुभारंभ करेंगे। इस उपलक्ष्य में भिवानी जिला मुख्यालय पर मिल्क प्लांट के पास मेडिकल कॉलेज परिसर में एक भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारियां पुरजोरों से चल रही हैं। मेडिकल कॉलेज परिसर में आधुनिक अस्पताल, शिक्षण भवन और आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास किया गया है। मेडिकल कॉलेज को 100 एमबीबीएस सीटों के साथ संचालित करने के लिए राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग द्वारा 2 सितंबर 2025 को लेटर ऑफ परमिशन जारी किया जा चुका है, इससे विद्यार्थी आधुनिक वातावरण में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज की डीन एवं कार्यवाहक निदेशक डा. नयमा चौधरी एवं उप चिकित्सक अधीक्षक डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि प्रस्तावित अस्पताल में 320 आईपीडी बेड की व्यवस्था होगी। साथ ही छह आधुनिक ऑपरेशन थिएटर व्यवस्था होगी। इनमें विभिन्न विशेषज्ञ विभागों के लिए अत्याधुनिक मेजर एवं माइनर ऑपरेशन थिएटर, आपातकालीन स्थिति की सेवाओं तथा विशेष उपचार के लिए समर्पित सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे मरीजों को उच्च स्तरीय उपचार स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगा। मेडिकल कॉलेज परिसर आधुनिक एकेडमिक ब्लॉक, अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं, डिजिटल लाइब्रेरी, स्किल एवं सिमुलेशन लैब, शोध सुविधाएं तथा नवीनतम चिकित्सा उपकरणों से सुसज्जित अस्पताल विकसित होगा। आने वाले समय में भिवानी क्षेत्र को चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति मिलेगी तथा भिवानी क्षेत्र एक प्रमुख मेडिकल शिक्षा केंद्र के रूप में स्थापित होगा।
उन्होंने बताया कि वीटा मिल्क प्लांट के पास करीब 27 एकड़ में मेडिकल कॉलेज क्षेत्र है, जहां पर मेडिकल के विद्यार्थी पढ़ाई करते हैं। घंटाघर के पास 14 एकड़ में अस्पताल क्षेत्र है, यहां मेडिकल की ओपीडी की सुविधा है व जिला पुनर्वास केंद्र के नजदीक तीन एकड़ में चिकित्सकों व अन्य स्टाफ सदस्यों के लिए आवास बनाए गए हैं। मेडिकल कॉलेज की सुविधाओं में थिएटर कॉम्प्लेक्स, पुस्तकालय, स्किल एवं सिमुलेशन लैब, छात्र एवं छात्राओं के अलग-अलग छात्रावास, जूनियर रेजिडेंट हॉस्टल, नर्सिंग हॉस्टल, फैकल्टी एवं स्टाफ आवास, डीन आवास, एनिमल हाउस और डाइनिंग ब्लॉक एवं अन्य सहायक भवन शामिल हैं। 808 क्षमता वाले होस्टल में 224-224 क्षमता के दो होस्टल छात्रों के लिए तथा 360 क्षमता का एक होस्टल छात्राओं के लिए है।
बॉक्स
- मेडिकल में इन ओपीडी के माध्यम से मिल रहा है लोगों को चिकित्सा लाभ
मेडिकल में ओपीडी ब्लॉक में जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, एनेस्थीसिया,ईएनटी, ऑर्थोपेडिक्स, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग, बाल रोग विभाग, त्वचा रोग विभाग, मनोरोग विभाग, श्वसन रोग विभाग, फॉरेंसिक मेडिसिन, सेंट्रल लैबोरेटरी के माध्यम से चिकित्सा लाभ मिल रहा है। आने वाले समय चिकित्सा सुविधाओं मे और भी विस्तार होगा।
बॉक्स
इस बारे में डीसी साहिल गुप्ता ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में जहां एक तरफ विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा मिलती है, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र के लोगों को बेहतर उपचार की सुविधा मिलती है। भिवानी का मेडिकल कॉलेज भी आने वाले समय में इस इलाके में जरूरतमंद लोगों के लिए कारगर साबित होगा। लोगों को अपने घर के नजदीक ही चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाले मेडिकल कॉलेज के शुभारंभ समारोह की तैयारियों के लिए चिकित्सा विभाग के साथ-साथ अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह उद्घाटन समारोह शानदार होगा। इस समारोह में जींद से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा।