*सफलता की कहानी*
*मालनपुर में बनी प्रदेश की पहली अत्याधुनिक कैट-7 डेटा केबल इकाई*
*एमएसएमई प्रोत्साहन योजना से डायनाट्रॉनिक डेटा केबल्स इकाई की स्थापना में मिली सहायता*
*एमएनसी कंपनियों को दी जा रही अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता के डेटा केबल्स की आपूर्ति*
*भिण्ड 26 सितम्बर 2026/*
मध्यप्रदेश शासन की एमएसएमई प्रोत्साहन योजना से मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में हाई-टेक उद्योगों की नई क्रांति आ रही है। योजना अंतर्गत प्राप्त सहायता से वर्ष 2024-25 में स्थापित बीआर कंट्रोल्स एंड इंजीनियरिंग इकाई इसका उत्कृष्ट उदाहरण है। यह मध्यप्रदेश की एकमात्र ऐसी अत्याधुनिक इकाई है, जहाँ कैट-6 से लेकर कैट-7 तक की हाई-स्पीड, हाई-फ्रीक्वेंसी डेटा केबल्स का निर्माण किया जा रहा है।
बीआर कंट्रोल्स एंड इंजीनियरिंग की मालनपुर इकाई में डायनाट्रॉनिक केबल्स ब्रांड की थर्ड-पार्टी मैन्युफैक्चरिंग की जाती है, जिसे विश्व व्यापी पेटेंट प्राप्त है। इस इकाई में लैन एप्लीकेशन व जीएसएम नेटवर्क के केबल्स, विशेष डेटा केबल्स, एचडीएमआई और यूएसबी टाइप सी-टू-सी डेटा केबल्स का उत्पादन जर्मनी से आयातित अत्याधुनिक मशीनों से किया जा रहा है। कंपनी को ISO 14001:2015, 9001:2015 और 45001:2018 जैसे अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त हैं, जिससे इसके उत्पादों की आपूर्ति देश की बड़ी एमएनसी कंपनियों को की जा रही है और जल्द ही मध्य-पूर्व देशों में निर्यात शुरू होने जा रहा है।
प्रोमोटर श्री केपी सिंह बताते हैं कि एमएसएमई प्रोत्साहन योजना अंतर्गत लगभग 6.40 करोड़ रुपये की सहायता स्वीकृत हुई है, जिसने इस हाई-टेक उद्योग को स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रथम चरण में 15 करोड़ रुपये के निवेश से इकाई की स्थापना की गई और द्वितीय चरण में 10-15 करोड़ रुपये से विस्तार किया जाना प्रस्तावित है। इस इकाई में लगभग 25 कुशल आईटीआई प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार मिला है, जिनमें से 40 प्रतिशत स्थानीय युवा हैं। श्री सिंह एमएसएमई प्रोत्साहन योजना अंतर्गत प्राप्त शासकीय सहायता के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को धन्यवाद देते हैं।
उल्लेखनीय है कि राज्य में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एमएसएमई प्रोत्साहन योजना अंतर्गत पात्र एमएसएमई इकाइयों को संयंत्र, मशीनरी और भवन निर्माण में निवेश पर 40 प्रतिशत तक की सब्सिडी मिलती है, महिला, अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के आवेदकों को अतिरिक्त 8 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान है। अधिक जानकारी के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, विकास भवन, मालनपुर से सम्पर्क किया जा सकता है।
.