कालिंदी ट्रेक पर 29 ट्रेकर्स का सफल रेस्क्यू
उत्तरकाशी के दुर्गम कालिंदी ट्रेक में फंसे 29 ट्रेकर्स की जान बचा ली गई है। ओडिन कॉल क्षेत्र में फंसे सभी ट्रेकर्स को हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू कर हर्षिल लाया गया है। ये संयुक्त रेस्क्यू अभियान SDRF सेनानायक अर्पण के निर्देशन में चलाया गया था। तस्वीरें उत्तरकाशी के कालिंदी ट्रेक की हैं, जहां ओडिन कॉल क्षेत्र में 29 ट्रेकर्स फंस गए थे। दुर्गम इलाका और खराब मौसम के चलते ट्रेकर्स को निकालना बड़ी चुनौती थी। शासन से समन्वय स्थापित कर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।SDRF सेनानायक खुद SDRF कंट्रोल रूम से पूरे अभियान की मॉनिटरिंग करते रहे और टीमों को जरूरी दिशा-निर्देश देते रहे। इस अभियान में SDRF के साथ जिला पुलिस, भारतीय सेना, स्थानीय प्रशासन और UCADA की टीमों ने मोर्चा संभाला। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद सभी 29 ट्रेकर्स को हेलीकॉप्टर के जरिए हर्षिल आर्मी बेस पर सुरक्षित पहुंचाया गया। फिलहाल सभी ट्रेकर्स को आर्मी अस्पताल में रखा गया है, जहां डॉक्टर उनकी स्वास्थ्य जांच कर रहे हैं। सभी ट्रेकर्स पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।