जनगणना 2027,मकान सूचीकरण के आंकडे त्रुटिरहित और पारदर्शी हों – जनगणना निदेशक
बूंदी, जनगणना 2027 को लेकर किए गए जा रहे मकान सूचीकरण के कार्य की प्रगति की बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जनगणना निदेशक बिष्णु चरण मलिक ने समीक्षा की और चार्ज अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मकान सूचीकरण के आंकड़े त्रुटिरहित और पारदर्शी हों, इसका विशेष ध्यान रखा जावें।
बैठक में जनगणना निदेशक ने कहा कि मकान सूचीकरण की सूचनाएं शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए। उन्होंने चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मोबाइल ऐप के डैशबोर्ड पर दर्ज होने वाली जानकारी की स्वयं नियमित जांच करें। इस कार्य में अधिकारियों की तत्परता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्व-गणना का शत-प्रतिशत सत्यापन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने संवेदनशील बिंदुओं पर जुटाई गई सूचनाओं की पुनः जांच करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रश्न सूची में जो पूछा गया है, वही वांछित जानकारी दर्ज हो। मकान सूचीकरण के दौरान घरों में उपलब्ध शौचालय, पेयजल, बिजली, और इंटरनेट जैसी बुनियादी सुविधाओं की बिल्कुल सटीक जानकारी दर्ज की जाए। प्रगणकों द्वारा जुटाई गई जानकारी की चार्ज अधिकारी सघन जांच करें। यदि डेटा में कोई त्रुटि पाई जाती है, तो तुरंत उसमें सुधार करवाकर मकान सूचीकरण के कार्य को शीघ्र पूरा किया जाए।बैठक में जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव ने कहा कि जनगणना के आंकड़े केवल संख्या नहीं हैं, इन्हीं के आधार पर भविष्य की योजनाएं बनती हैं और आमजन के लिए सुविधाएं विकसित की जाती हैं। इसलिए हर सूचना को अच्छी तरह समझकर ही संकलित किया जाएं। जिला कलक्टर ने निदेशक को आश्वस्त किया कि जिले में पूरी मुस्तैदी और सतर्कता के साथ मकान सूचीकरण का यह महत्वपूर्ण कार्य समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा।समीक्षा बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर रामकिशोर मीणा, उपखंड अधिकारी लक्ष्मीकांत मीणा, हिण्डोली उपखंड अधिकारी शिवराज मीणा, जनगणना के संयुक्त निदेशक अतुल वर्मा, आर्थिक सांख्यिकी विभाग की उपनिदेशक पूनम ढाका, नगर परिषद आयुक्त बृजेश राय और जिला समन्वयक नम्रता जैन सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Keshoraipatan, Bundi | Jun 4, 2026