।।समाहरणालय पूर्णिया।।
(जनसंपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:-1032,
दिनांक 02/08/2026,
==================
पूर्णिया के किलकारी बाल भवन में पपेट शो के माध्यम से बच्चों को वज्रपात एवं भूकंप से बचाव की दी गई जानकारी:-
बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (BSDMA) के तत्वावधान में तथा जिला पदाधिकारी, पूर्णिया श्री अंशुल कुमार (भा०प्र०से०) के कुशल दिशा-निर्देशन में रविवार को पूर्णिया स्थित 'किलकारी बाल भवन' में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में पपेट शो के माध्यम से बच्चों को प्राकृतिक आपदाओं, विशेषकर वज्रपात (आकाशीय बिजली) और भूकंप से बचाव के उपायों की अत्यंत रोचक एवं ज्ञानवर्धक जानकारी दी गई।
जिला पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में जिला अंतर्गत आम नागरिकों और स्कूली बच्चों को आपदा प्रबंधन के प्रति संवेदनशील एवं जागरूक बनाने के उद्देश्य से विभिन्न स्थलों पर यह विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
रोचक माध्यम से शिक्षा:-- पारंपरिक पपेट शो (कठपुतली कला) का उपयोग कर बच्चों का मनोरंजन करने के साथ-साथ उन्हें आपदा से सुरक्षित रहने के व्यावहारिक गुण सिखाए जा रहें हैं।
भूकंप से बचाव:-- बच्चों को सिखाया गया कि भूकंप के झटके महसूस होने पर बिना घबराए 'झुको, ढको और पकड़ो' (Drop, Cover, and Hold On) के नियम का पालन करें तथा खुले एवं सुरक्षित स्थानों पर जाएँ।
वज्रपात से सुरक्षा:---- आकाशीय बिजली चमकने या गरजने के दौरान खुले मैदानों, जल स्रोतों या ऊँचे पेड़ों के नीचे न खड़े रहकर पक्के मकानों में शरण लेने और इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों से दूर रहने का संदेश दिया गया।
व्यापक अभियान:--- जिला प्रशासन द्वारा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम जिले के अन्य विद्यालयों,संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर भी निरंतर आयोजित किए जा रहें हैं।
"आपदा से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम सतर्कता और पूर्व तैयारी है। बच्चों के माध्यम से आपदा प्रबंधन का यह संदेश पूरे समाज तक आसानी से पहुँचता है।"
कार्यक्रम में किलकारी बाल भवन के बच्चों,शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बच्चों ने कठपुतली के माध्यम से दी गई जानकारियों को समझा और आपदा के समय धैर्य व सतर्कता बरतने का संकल्प लिया।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Purnia, Bihar | Aug 2, 2026