विकसित भारत 2047 के निर्माण में युवा पीढ़ी की भूमिका महत्वपूर्ण : कुलपति
कोडरमा। ग्रिजली कॉलेज ऑफ एजुकेशन में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) के तत्वावधान में “इंडिया नाउ एंड नेक्स्ट : विकसित भारत 2047” विषय पर पॉडकास्ट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग के कुलपति डॉ. चंद्रभूषण शर्मा, महाविद्यालय के अध्यक्ष मनीष कपसिमे, सचिव अविनाश कुमार सेठ, मुख्य परिचालन पदाधिकारी तनिष्क सेठ एवं प्राचार्य डॉ. मोहित कुमार तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत गाया।
मुख्य अतिथि कुलपति डॉ. चंद्रभूषण शर्मा का पौधा, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। सहायक प्राध्यापक अम्बरीज सरकार एवं मानसी चक्रवर्ती के सांस्कृतिक स्वागत नृत्य ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। प्राचार्य डॉ. मोहित कुमार तिवारी ने स्वागत भाषण दिया।
पॉडकास्ट संवाद में प्रशिक्षु समीना परवीन एवं आयुष कुमार ने कुलपति से शिक्षा, समाज, प्रशासन, विधि-व्यवस्था, युवा वर्ग की स्थिति तथा विकसित भारत 2047 से जुड़े समसामयिक विषयों पर सवाल पूछे। कुलपति ने सरल एवं तथ्यपरक तरीके से सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के निर्माण में युवा पीढ़ी प्रमुख आधारशिला है। युवाओं को सशक्त, स्वावलंबी एवं उत्तरदायी नागरिक बनाने के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास, उचित मार्गदर्शन और सकारात्मक सामाजिक वातावरण जरूरी है।
उन्होंने कहा, “हम समाज से हैं और समाज हमसे है।” इसलिए समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर समावेशी एवं सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ने की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से ज्ञान, कौशल, नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इसके बाद प्रश्नोत्तरी सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रशिक्षुओं ने विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे। कुलपति ने विस्तार से जवाब देते हुए प्रशिक्षुओं को ज्ञानार्जन, कौशल विकास, तार्किक चिंतन एवं समसामयिक विषयों की समझ विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बैजनाथ प्रसाद स्नेही कॉलेज ऑफ एजुकेशन के प्राचार्य डॉ. भूपेंद्र ठाकुर, कैम्ब्रिज शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दीपक कुमार सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के शिक्षक, सहायक प्राध्यापक एवं प्रशिक्षु मौजूद रहे। ग्रिजली कॉलेज के बी.एड. सत्र 2025-27 के प्रशिक्षुओं के अलावा शैक्षणिक समन्वयक सौरभ शर्मा, IQAC समन्वयक मनीष कुमार सिन्हा, डीएलएड समन्वयक खुशबू कुमारी सिन्हा, सहायक प्राध्यापक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।
मंच संचालन सहायक प्राध्यापक संजीत कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डीएलएड विभागाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह ने किया।
Koderma, Kodarma | Sep 16, 2026