अज्ञात वाहन की टक्कर से 5 वर्षीय मासूम की मौत, परिजनों में कोहराम
प्रयागराज ज़िले के करछना थाना क्षेत्र के नरैना गांव के पास अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर से 5 वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वाहन की तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक कोरांव थाना क्षेत्र के उमरी गांव निवासी राजेश कुमार धैकार अपने रिश्तेदार से मिलने नरैना गांव, कुशगढ़ मंदिर के पास आए थे। सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे उनकी 5 वर्षीय बेटी चाहत घर के बाहर अचानक सड़क पर आ गई। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। बच्ची की मां कुसुम देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
राजेश कुमार की 6 बेटियां हैं। बड़ी बेटी अंजनी 20 वर्ष की शादी पिछले साल हो चुकी है। अन्य बेटियां सीमा 17, निशा 15, निहालिका 12 और मुस्कान 8 वर्ष की हैं।
करछना पुलिस ने पिता राजेश कुमार की तहरीर पर मामला दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
#prayagrajnews