**दशहरा मेले में जूस में केमिकल मिलाने का आरोप, खाद्य सुरक्षा टीम ने कराया नष्ट**
--हिंदू युवा वाहिनी की शिकायत पर हुई कार्रवाई
--बिना लाइसेंस दुकानें आवंटित करने पर मेला कमेटी की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
शाहजहांपुर। ओसीएफ ग्राउंड स्थित रामलीला मैदान में दशहरा मेले के दौरान जूस में हानिकारक केमिकल मिलाकर बेचने का मामला सामने आया है। शिकायत पर हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को बुलाया। टीम ने मौके पर जूस को नष्ट करा दिया। वहीं, मेले में बिना लाइसेंस दुकानों का संचालन होने के आरोपों से मेला कमेटी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे हैं। संगठन के बरेली मंडल अध्यक्ष प्रदीप शर्मा, जिला अध्यक्ष दीपक त्रिपाठी और जिला उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर जूस विक्रेता से पूछताछ की। संगठन का दावा है कि जांच के दौरान जूस में केमिकल मिलाने की बात सामने आई। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को सूचना देकर बुलाया गया। पूछताछ के दौरान विक्रेता ने कथित तौर पर बताया कि दुकान या ठेला लगाने के लिए मेला कमेटी ने उससे लाइसेंस अथवा अन्य दस्तावेज नहीं मांगे थे। इस खुलासे के बाद मेले में खाद्य पदार्थों की बिक्री की निगरानी और दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं। हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और बच्चे मेले में पहुंचते हैं। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और दुकानदारों के लाइसेंस की जांच जरूरी है। संगठन ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कराकर दोषियों और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आपका अपना शहर Aapka Apna Shahar