8 साल तक छिपाए हीरे, बेचने निकला तो धमतरी पुलिस ने दबोचा !धमतरी : पायलीखंड खदान क्षेत्र से एक शख्स को धमतरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से 146 नग हीरे जैसे चमकदार पत्थर बरामद किए गए हैं, जिसका शुद्ध वजन 13.49 ग्राम है. पुलिस के अनुसार जब्त पत्थरों की कीमत लाखों में है.
18 अक्टूबर को हुई आरोपी की गिरफ्तारी
पुलिस ने बताया कि 18 अक्टूबर को बिरेझर चौकी और साइबर थाना धमतरी की संयुक्त टीम पेट्रोलिंग कर रही थी. इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नेशनल हाईवे-30 पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास एक व्यक्ति बहुमूल्य पत्थर लेकर ग्राहक की तलाश कर रहा है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़कर पूछताछ की. पकड़े गए व्यक्ति की पहचान विनोद अग्रवाल के रूप में हुई. उसके पास से पुलिस ने 146 सफेद हीरे जैसे पत्थर को बरामद किया है. पुलिस ने इनकी अनुमानित कीमत 10 लाख 5 हजार रुपये बताई है.