*सपा जिला उपाध्यक्ष जितेन्द्र यादव के नेतृत्व में खून से पत्र लिखकर विरोध*दसिया गांव में प्रस्तावित एथेनॉल फैक्ट्री निर्माण रोकने की प्रधानमंत्री से मांग*
*जनपद बस्ती उत्तर प्रदेश 13 जुलाई 2026*
*बस्ती।* भानपुर तहसील के दसिया ग्राम में प्रस्तावित एथेनॉल फैक्ट्री के निर्माण को रुकवाने के लिए आज समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष *जितेन्द्र यादव* के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी भानपुर के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपा।
विरोध जताने के लिए ग्रामीणों ने एक अनोखा तरीका अपनाया। अपनी कृषि भूमि, पर्यावरण और बच्चों के भविष्य को बचाने के लिए आक्रोशित ग्रामीणों ने अपने रक्त से पत्र लिखकर देश के प्रधानमंत्री को भेजा है।
ज्ञापन में *जितेन्द्र यादव* ने लिखा कि फैक्ट्री लगने से भारी मात्रा में भूजल का दोहन होगा। इससे पहले से नीचे जा रहा भूजल स्तर पूरी तरह तबाह हो जाएगा, जिससे किसानों की खेती और आम जनता के सामने पीने के पानी का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित फैक्ट्री से मात्र 200 मीटर की दूरी पर दो सरकारी स्कूल स्थित हैं। प्लांट से निकलने वाले जहरीले धुएं, रसायनों और तीव्र दुर्गंध से मासूम बच्चों तथा आसपास के 14-15 गांवों की जनता के स्वास्थ्य पर जानलेवा असर पड़ेगा। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन और फैक्ट्री प्रबंधन ने बिना किसी स्थानीय जनसुनवाई या ग्रामवासियों की सहमति के इस संवेदनशील इलाके में जबरन निर्माण कार्य शुरू करा दिया है।
*जितेन्द्र यादव* ने कहा कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन यदि विकास की कीमत किसानों की उपजाऊ जमीन को उजाड़कर और जनता की जिंदगी दांव पर लगाकर चुकानी पड़े, तो ऐसे विनाशकारी कदम का पूरी ताकत से विरोध किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर फैक्ट्री निर्माण पर रोक लगाने की मांग की है।
*ज्ञापन देने में शामिल रहे*
संजय यादव, राकेश कुमार, अरमान खान, विवेक चौधरी, विकास यादव, शिवसहाय चौधरी, कमल यादव, रंजीत चौहान, आशीष प्रजापति, मनोज चौहान, शशि जॉन, हितेश कुमार, रजनीश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण।
*संवाददाता: हरी ओम प्रकाश*
*राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत*
Basti, Basti | Jul 13, 2026