किसान हित में ऋण वितरण बढ़ाने का निर्णय, समस्याओं के समाधान के लिए जयपुर जाएगा प्रतिनिधिमंडल
हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ सहकारी भूमि विकास बैंक के संचालक मंडल की बैठक 30 सितंबर 2026 को बैंक के प्रधान कार्यालय हनुमानगढ़ जंक्शन में चेयरमैन राजेंद्र सिहाग की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में किसान हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए ऋण वितरण को अधिकाधिक बढ़ाने सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में बैंक उपाध्यक्ष जगदीप सिंह, संचालक मंडल सदस्य मदन जादू, रमेश कुमार, विजेंद्र बेनीवाल, योगेश झौरड़, संदीप जाखड़, सचिव वर्षा जांगिड़, जिला परिषद के प्रतिनिधि दिनेश कुमार सहित बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान किसानों को बैंक की ऋण योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने तथा ऋण वितरण में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया। किसान हित को ध्यान में रखते हुए ऋण वितरण में आ रही विभिन्न समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
संचालक मंडल ने निर्णय लिया कि ऋण वितरण से संबंधित समस्याओं के साथ-साथ बैंक कार्मिकों एवं बैंक से जुड़ी अन्य समस्याओं के निस्तारण के लिए संचालक मंडल का एक प्रतिनिधिमंडल जयपुर भेजा जाएगा। प्रतिनिधिमंडल सरकार के समक्ष इन समस्याओं को रखकर उनके समाधान का प्रयास करेगा।
बैठक में बैंक की योजनाओं एवं गतिविधियों की अधिकाधिक जानकारी संचालक मंडल सदस्यों तथा बैंक के लघुतर निकाय सदस्यों तक पहुंचाने के उद्देश्य से एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से बैंक की विभिन्न योजनाओं, ऋण सुविधाओं एवं कार्यप्रणाली की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया। इसके साथ ही बैठक का समापन किया गया।