औरंगाबाद में बेखौफ बदमाशों ने मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक से सोने की चेन झपटी, वीडियो वायरल।
औरंगाबाद शहर में अपराधियों का मनोबल चरम पर है। नगर थाना क्षेत्र में एक बार फिर चेन स्नैचिंग की बड़ी वारदात हुई है। बदमाशों ने घर के बाहर मॉर्निंग वॉक पर निकले एक युवक को निशाना बनाकर उसके गले से सोने की चेन झपट ली और बाइक से फरार हो गए।
*घटना कथरुआ वार्ड-1 की है*
पीड़ित की पहचान रंजीत कुमार सिंह, पिता स्व. अर्जुन सिंह, निवासी - कथरुआ वार्ड नं-01, नगर थाना, औरंगाबाद के रूप में हुई है।
नगर थाना को दिए गए लिखित आवेदन में रंजीत ने बताया कि मंगलवार की सुबह वह अपने पालतू कुत्ते के साथ घर के बाहर टहल रहे थे। सड़क किनारे एक निर्माणाधीन मकान के पास दो युवक बाइक खड़ी कर बातचीत कर रहे थे। रंजीत को लगा कि वे निर्माण कार्य से जुड़े लोग हैं।
इसी दौरान पीछे से आए एक बदमाश ने उनके गले से 25.230 ग्राम सोने की चेन झपट ली। पीड़ित के अनुसार, यह चेन उनके भाई अभिषेक कुमार सिंह ने उपहार में दी थी, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रुपये है।
*CCTV में कैद हुई वारदात, जसोईया की ओर भागे बदमाश*
आवेदन के अनुसार, घटना के बाद पीड़ित ने शोर मचाते हुए बदमाश का पीछा किया, लेकिन वह पहले से स्टार्ट बाइक पर सवार अपने दूसरे साथी के साथ जसोईया की तरफ भाग निकला।
रंजीत ने तत्काल इसकी सूचना नगर थानाध्यक्ष को मोबाइल पर दी। उन्होंने बताया कि घटनास्थल के आसपास कई घरों में CCTV कैमरे लगे हैं, जिसमें पूरी घटना कैद हुई है।
पीड़ित ने हुलिया बताते हुए कहा कि बाइक चला रहा बदमाश सांवले रंग का, करीब साढ़े पांच फीट लंबा था और हेलमेट पहने हुए था। वह चेन छीनने वाले को सामने आने पर पहचान सकते हैं।
*पुलिस से कार्रवाई की मांग*
पीड़ित ने नगर थाना पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर दोनों बदमाशों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
*लगातार हो रही छिनतई से लोगों में दहशत*
गौरतलब है कि औरंगाबाद शहर में पिछले कुछ महीनों में चेन स्नैचिंग और छिनतई की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। कुछ मामलों में पुलिस ने सफलता पाई है, लेकिन ज्यादातर मामलों में अपराधी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। ताजा घटना के बाद एक बार फिर पुलिस की रात्रि और सुबह की गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।