कन्या महाविद्यालय में निःशुल्क लर्निंग लाइसेंस, सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं मतदाता जागरूकता शिविर का हुआ आयोजन
..
राजमाता विजयाराजे सिंधिया शासकीय कन्या (अग्रणी ) स्नातकोत्तर महाविद्यालय, विदिशा में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में छात्राओं को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें निःशुल्क लर्निंग लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लर्निंग लाइसेंस एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बीडी अहिरवार के मार्गदर्शन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना की प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. शांता अहिरवार के निर्देशन में किया गया। आरटीओ कार्यालय, विदिशा से श्री राजेंद्र चंद्रवंशी एवं श्री आशीष परिहार ने उपस्थित होकर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया।उनके द्वारा छात्राओं को लर्निंग लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा ऑनलाइन प्रक्रिया के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र छात्राओं के लर्निंग लाइसेंस बनवाने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन दिए गए।
कार्यक्रम में श्री आईएस लोधी, सहायक प्रबंधक तथा श्रीमती प्रियंका पांडे, उपयंत्री, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना भी उपस्थित रहे। उनके द्वारा छात्राओं को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने सड़क पर सुरक्षित आवागमन, यातायात संकेतों के पालन, हेलमेट के अनिवार्य उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा सड़क पर जिम्मेदारीपूर्वक वाहन चलाने के लिए छात्राओं को जागरूक किया।
अधिकारियों द्वारा छात्राओं को समझाया गया कि यातायात नियमों का पालन केवल स्वयं की सुरक्षा के लिए ही नहीं, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है। छात्राओं ने अधिकारियों से लर्निंग लाइसेंस एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न जानकारियाँ प्राप्त कीं। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक, जिम्मेदार एवं आत्मनिर्भर नागरिक बनाना रहा।
साथ ही मतदाता पहचान पत्र बनवाने हेतु शिविर डॉ. शांता अहिरवार एवं डॉ. निशा तिवारी समन्वय में आयोजित किया गया। शिविर के माध्यम से छात्राओं को मतदाता पहचान पत्र संबंधी सेवाओं का लाभ महाविद्यालय परिसर में ही प्राप्त हुआ, जिससे उन्हें सुविधा एवं समय की बचत हुई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविकाओं एवं महाविद्यालय के समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। #vidisha
Vidisha, Madhya Pradesh | Oct 7, 2026