पंचकूला के दशहरा ग्राउंड में मॉडिफाइड थार से स्टंटबाजी कर रील बनाना पड़ा भारी, अब मांगी माफी, पुलिस ने 22500 का चालान काटकर कार जब्त की
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन का युवाओं को संदेश- स्टंट दिखाकर नहीं, अपनी मेहनत और सफलता की रील बनाएं, ताकि दूसरे युवाओं को भी मिले प्रेरणा
पंचकूला/ 21 अक्टूबर:- सोशल मीडिया पर कुछ पल की लोकप्रियता हासिल करने के लिए सड़क पर स्टंटबाजी करना न केवल अपनी, बल्कि दूसरों की जान को भी खतरे में डाल सकता है। पंचकूला पुलिस ने ऐसे ही एक मामले में कार्रवाई करते हुए सेक्टर-5 स्थित दशहरा ग्राउंड में मॉडिफाइड थार से स्टंटबाजी करने वाले चालक का 22,500 रुपये का चालान किया है और वाहन को इंपाउंड कर थाना में खड़ा करवा दिया है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने बताया कि दो-तीन दिन पहले सेक्टर-5 स्थित दशहरा ग्राउंड में एक थार चालक मॉडिफाइड वाहन से स्टंटबाजी करता दिखाई दिया था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चालक के संबंध में जानकारी जुटाई। इसके बाद आज सिटी ट्रैफिक थाना में थाना प्रभारी वरिंद्र कुमार द्वारा यातायात नियमों के विभिन्न उल्लंघनों के चलते वाहन का 22,500 रुपये का चालान किया गया और थार को इंपाउंड कर थाना परिसर में खड़ा करवाया गया।
कार्रवाई के दौरान थार चालक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और अन्य युवाओं से भी इस प्रकार की स्टंटबाजी नहीं करने की अपील की।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन का युवाओं को संदेश- रील नहीं, रियल लाइफ के लक्ष्य बनाएं
पुलिस कमिश्नर युवाओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर दिखावे और सस्ती लोकप्रियता के पीछे भागने के बजाय जीवन में आगे बढ़ने के लिए मेहनत करें। उन्होंने कहा कि युवा पढ़ाई, खेल, कला और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करें तथा अपनी मेहनत और सफलता की रील बनाएं, ताकि दूसरे युवाओं को भी उनसे प्रेरणा मिले। अपनी प्रतिभा और उपलब्धियों के दम पर पहचान बनाना ही सफलता का सही रास्ता है।