झमटुली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भगवान भरोसे, डॉक्टर नदारद; दो गर्भवतियां घंटों दर्द से तड़पती रहीं, 3 घंटे लेट पहुंची नर्स।
डॉक्टर और स्टाफ नर्स की अनुपस्थिति से मरीज बेहाल, गर्भवतियों को घंटों करना पड़ा इंतजार, झमटुली PHC की बदहाल व्यवस्था।
छतरपुर जिले के राजनगर क्षेत्र अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र झमटुली में डॉक्टरों की अनुपस्थिति और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल व्यवस्था से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि सोमवार शाम करीब 6 बजे स्वास्थ्य केंद्र में एक भी डॉक्टर मौजूद नहीं था, जिसके कारण मरीजों को इलाज के लिए 15 किलोमीटर दूर बमीठा या 34 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल छतरपुर रेफर किया जा रहा है।
बताया गया कि पिपरिया गांव से प्रसव पीड़ा होने पर एक गर्भवती महिला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची, लेकिन वहां न डॉक्टर मिले और न ही स्टाफ नर्स। परिजनों का आरोप है कि स्टाफ नर्स निर्धारित ड्यूटी समय से करीब तीन घंटे बाद पहुंचीं, तब तक गर्भवती प्रसव पीड़ा से तड़पती रही।
इसी दौरान बरद्वाहा गांव से आई दूसरी गर्भवती महिला भी करीब दो घंटे तक उपचार का इंतजार करती रही। परिजनों का कहना है कि डॉक्टर और स्टाफ नर्स के समय पर उपलब्ध न होने से मरीजों को गंभीर परेशानी उठानी पड़ी।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में अक्सर डॉक्टर अनुपस्थित रहते हैं और कई बार स्टाफ भी समय पर उपलब्ध नहीं होता। ऐसी स्थिति में मरीजों को मजबूर होकर दूसरे अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से झमटुली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नियमित रूप से डॉक्टर एवं स्टाफ नर्स की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को समय पर उपचार मिल सके।