खंड स्तरीय जनसुनवाई में सुनी गईं आमजन की समस्याएं, एक सप्ताह में निराकरण के निर्देश
जनसुनवाई में कैंसर पीड़ित युवक को मिली त्वरित राहत, मौके पर बना बीपीएल कार्ड
अनुभाग पिपरिया अंतर्गत मंगलवार को आयोजित खंड स्तरीय जनसुनवाई में आमजन की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना गया तथा उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के समाधान के लिए अधिकारियों को एक सप्ताह की समय-सीमा निर्धारित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। तहसील पिपरिया में आयोजित जनसुनवाई में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री आकिप खान ने नागरिकों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं बनखेड़ी में आयोजित खंड स्तरीय जनसुनवाई में तहसीलदार बनखेड़ी द्वारा आवेदकों की शिकायतें सुनी गईं तथा समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में तहसील पिपरिया में कुल 19 तथा बनखेड़ी में 7 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त सभी आवेदनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।
जनसुनवाई के आवेदन पर हुई त्वरित कार्यवाही
जनसुनवाई के दौरान पिपरिया निवासी 32 वर्षीय श्री सुमित मेहरा ने गले के कैंसर के उपचार हेतु सहायता की मांग करते हुए आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदक ने बताया कि भोपाल स्थित जेके हॉस्पिटल में आयुष्मान योजना के अंतर्गत उपचार कराने के लिए उनका नाम पोर्टल पर प्रदर्शित नहीं होने के कारण अस्पताल द्वारा उपचार प्रारंभ नहीं किया जा रहा है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम श्री आकिप खान ने मौके पर उपस्थित खंड चिकित्सा अधिकारी के माध्यम से तत्काल राहत प्रदान करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। हल्का पटवारी को त्वरित कार्रवाई कर आवेदक का नाम बीपीएल श्रेणी में जोड़ने संबंधी प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। पटवारी की रिपोर्ट प्राप्त होने पर अनुविभागीय अधिकारी द्वारा तत्काल स्वीकृति आदेश जारी किया गया। इसके साथ ही नगर पालिका के माध्यम से बीपीएल प्रमाण-पत्र जारी करवाने की प्रक्रिया पूर्ण कराई गई। सहायक आपूर्ति अधिकारी को जिला कार्यालय एवं एनआईसी से समन्वय स्थापित कर पात्रता पर्ची तत्काल जारी कराने के निर्देश दिए गए, ताकि आवेदक को आयुष्मान योजना के तहत उपचार का लाभ शीघ्र मिल सके। जनसुनवाई के दौरान ही श्री सुमित मेहरा के उपचार एवं ऑपरेशन के लिए आवश्यक समस्त प्रशासनिक कार्यवाही पूरी कराई गई। जनसुनवाई में सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे तथा प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
#narmadapuram CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh Department Of Revenue, Madhya Pradesh General Administration Department, MP Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh