*शिवपुरी: कपिलधारा योजना में रिश्वत लेते सरपंच-सरपंच पति गिरफ्तार*
*पिछोर।* शिवपुरी जिले की खनियाधाना जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत जंगीपुर में बुधवार को ग्वालियर लोकायुक्त की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। लोकायुक्त ने सरपंच केशवती कोली और उनके पति खेमचंद कोली को ₹20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा। यह कार्रवाई उनके उपजेल के पीछे स्थित निवास पर सुबह करीब 10 बजे की गई।जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत जंगीपुर के हितग्राही राहुल सिंह यादव ने कपिलधारा योजना के तहत कुएं के निर्माण की स्वीकृति के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि सरपंच दंपति ने फाइल आगे बढ़ाने के बदले ₹20 हजार की मांग की। परेशान होकर राहुल ने इसकी शिकायत ग्वालियर लोकायुक्त कार्यालय में की।शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त ने जाल बिछाया और रिश्वत लेते ही दोनों को दबोच लिया। कार्रवाई की खबर मिलते ही पूरे कस्बे में हड़कंप मच गया। बाद में टीम आरोपी और फरियादी को साथ लेकर रवाना हो गई।कपिलधारा योजना किसानों को सिंचाई सुविधा देने के लिए है। रिश्वतखोरी के इस मामले से योजना की साख पर सवाल उठे हैं। लोकायुक्त आगे की जांच कर रही है।