स्वतंत्रता दिवस 2026 की तैयारियों को लेकर डीएम की अध्यक्षता में बैठक संपन्न
भव्य और गरिमामय आयोजन के निर्देश, विभिन्न कोषांगों का गठन
कैमूर जिले में 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह के भव्य आयोजन को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी नितिन कुमार सिंह की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, एसडीओ भभुआ, एसपी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सिविल सर्जन सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
डीएम ने निर्देश दिया कि समारोह देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत, सुरक्षित एवं जनभागीदारी से परिपूर्ण हो। इसके लिए विभिन्न कोषांग बनाकर नोडल पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
ध्वजारोहण का समय निर्धारित
जगजीवन स्टेडियम में प्रातः 9:00 बजे, समाहरणालय में 10:00 बजे, जिला परिषद में 10:05 बजे, विकास भवन में 10:10 बजे ध्वजारोहण होगा। अनुमंडल कार्यालय में 10:35, थाना में 10:45 और पुलिस लाइन में 11:00 बजे झंडा फहराया जाएगा।
प्रभात फेरी और माल्यार्पण
15 अगस्त को प्रातः 6:30 बजे समाहरणालय से एकता चौक होते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय तक प्रभात फेरी निकलेगी। इसमें कक्षा 6 से 10 तक के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। प्रातः 8:00 बजे तक कैमूर स्तंभ, गांधी प्रतिमा, अंबेडकर स्मारक सहित अन्य स्थलों पर माल्यार्पण किया जाएगा।
स्टेडियम और अन्य आयोजन
जगजीवन स्टेडियम में 11 से 13 अगस्त तक परेड का अभ्यास होगा। मुख्य समारोह में प्रभारी मंत्री 9:00 बजे ध्वजारोहण करेंगे। दोपहर 4:00 बजे जिला प्रशासन बनाम जनता फुटबॉल मैच और शाम 6:00 बजे लिच्छवी भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा।
जिले के 532 महादलित टोलों में भी ध्वजारोहण किया जाएगा। राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों, कलाकारों और समाजसेवियों को सम्मानित किया जाएगा।
डीएम ने सभी तैयारियां समय-सीमा में पूरी करने का निर्देश दिया।
Mohania, Kaimur | Aug 7, 2026