🚨हरिद्वार ब्रेकिंग न्यूज़
हरिद्वार में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में चेन स्नेचिंग के आरोपी के पैर में गोली लगी। घटना खड़खड़ी क्षेत्र में हुई, जहां नगर कोतवाली पुलिस की टीम ने बदमाशों की घेराबंदी की थी।
पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान नरेश उर्फ भिंडे उर्फ राज (22) पुत्र कन्हैया, निवासी सुल्तानपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का नाम हरिद्वार में हुई चेन स्नेचिंग की दो घटनाओं से जुड़ा सामने आया है।
मुठभेड़ के दौरान दूसरा आरोपी दिनेश पुत्र गोमा राम, निवासी सुल्तानपुरी, दिल्ली, मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
घायल आरोपी का अस्पताल में उपचार कराया गया। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक इतिहास और हरिद्वार की अन्य वारदातों में संभावित संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है।
मुठभेड़ के बाद का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घायल आरोपी पुलिसकर्मियों से रहम की गुहार लगाते हुए “माफ कर दो साहब, गलती हो गई” कहता नजर आ रहा है।
Dehradun, Dehradun | Oct 7, 2026