*न्यायोत्सव: विधिक सेवा सप्ताह 2026*
*तृतीय दिवस जिला जेल, बाल गृह एवं शिशु गृह के निरीक्षण सहित विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*
-----------------
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पन्ना शरत चन्द्र सक्सेना के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में 14 से 20 नवम्बर तक आयोजित किए जा रहे न्यायोत्सव-विधिक सेवा सप्ताह 2026 के तृतीय दिवस आज जिला जेल पन्ना में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। साथ ही पन्ना में संचालित बाल गृह एवं शिशु गृह का निरीक्षण भी किया गया। कार्यक्रमों एवं निरीक्षण के दौरान जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अवधेश कुमार श्रीवास्तव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। जिला विधिक सहायता अधिकारी अतुल सेन भी इस दौरान उपस्थित थे।
जिला जेल पन्ना में आयोजित विधिक साक्षरता शिविर के दौरान जिला न्यायाधीश एवं सचिव द्वारा बंदियों को उनके विधिक एवं संवैधानिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, जमानत संबंधी प्रावधानों एवं न्याय प्राप्ति के उपलब्ध कानूनी उपायों की जानकारी प्रदान की गई। इस मौके पर प्रत्येक बंदी से क्रमवार व्यक्तिगत चर्चा कर उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा उनके लंबित प्रकरणों की वर्तमान स्थिति, न्यायालय में चल रही कार्यवाही एवं प्रकरणों में पैरवी कर रहे अधिवक्ताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। प्रत्येक बैरक में जाकर बंदियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं को निराकरण किए जाने हेतु जेल प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए, जिन बंदियों द्वारा बताया गया कि उनके प्रकरणों में पैरवी के लिए कोई अधिवक्ता नियुक्त नहीं है अथवा वे आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण स्वयं अधिवक्ता नियुक्त करने में असमर्थ हैं, उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता के अंतर्गत अधिवक्ता उपलब्ध कराए जाने के संबंध में जानकारी दी गई। ऐसे बंदियों के आवेदन जेल प्रशासन के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को प्रेषित कराए जाने हेतु जेल अधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए गए, ताकि पात्र बंदियों को नियमानुसार पैनल अधिवक्ता उपलब्ध कराया जा सके। इसके अतिरिक्त बंदियों द्वारा बताई गई अन्य विधिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं को भी सुना गया तथा उनके निराकरण के संबंध में जेल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। शिविर के सफल आयोजन में जेल अधीक्षक गणेश प्रसाद द्वारा आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया।
*बाल गृह का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा*
न्यायोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत पन्ना में संचालित बाल गृह का भी जिला न्यायाधीश ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बाल गृह में बच्चों के निवास, भोजन, स्वच्छता, स्वास्थ्य, सुरक्षा, शिक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। संस्था में बच्चों के संरक्षण एवं देखरेख हेतु उपलब्ध संसाधनों एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। इस दौरान बाल गृह में कोई भी बालक निवासरत नहीं पाया गया। संस्था की व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में संस्था प्रमुख एवं उपस्थित कर्मचारियों से जानकारी प्राप्त की गई। बाल संरक्षण अधिकारी इंद्रजीत अहिरवार सहित संस्था प्रमुख एवं समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे। इसी क्रम में शिशु गृह पन्ना का भी निरीक्षण कर उपलब्ध समस्त व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं का अवलोकन किया गया। निरीक्षण में शिशु गृह में लगभग तीन माह आयु का एक शिशु निवासरत पाया गया, जो स्वस्थ एवं तंदुरुस्त अवस्था में था। शिशु के पोषण, देखरेख, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। निरीक्षण के दौरान शिशु के लिए उपलब्ध समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। संस्था में शिशु की देखरेख एवं संरक्षण के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया तथा उपलब्ध सुविधाएं एवं संस्थागत व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित पाई गईं।
*बच्चों एवं बंदियों के अधिकारों के संरक्षण पर दिया गया विशेष जोर*
सभी गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य जेल में निरुद्ध बंदियों को उनके विधिक अधिकारों एवं निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक करना तथा बाल संरक्षण संस्थाओं में बच्चों एवं शिशुओं की देखरेख, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कल्याण से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण करना रहा। तृतीय दिवस जिला जेल, बाल गृह एवं शिशु गृह में आयोजित गतिविधियों के माध्यम से समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों तक विधिक सहायता एवं न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही की गई।
Panna, Panna | Nov 16, 2026