बहाव सिंचाई योजना चनौर का PMC विशेषज्ञों ने किया निरीक्षण #dehra
किसानों को प्राकृतिक हल्दी, अदरक व नकदी फसलों की पैदावार बढ़ाने के लिए किया प्रेरित
#kangralive
देहरा। हिमाचल प्रदेश कृषि विभाग एवं हिमाचल प्रदेश कृषि प्रोत्साहन परियोजना-II (JICA) के तहत बहाव सिंचाई योजना चनौर का निरीक्षण PMC विशेषज्ञों द्वारा किया गया। इस दौरान PMC विशेषज्ञ डॉ. आर.के. शर्मा, डॉ. पी.एल. शर्मा और खंड परियोजना प्रबंधक देहरा डॉ. विवेक कंवर मौजूद रहे।
यह सिंचाई उप परियोजना खंड परियोजना प्रबंधन इकाई देहरा के अंतर्गत आती है। योजना का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और इसका लोकार्पण भी किया जा चुका है। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में प्राकृतिक हल्दी और अदरक जैसी फसलों की पैदावार को बढ़ावा देना तथा किसानों को अधिक आय वाली फसलों की ओर प्रेरित करना रहा।
विशेषज्ञों ने किसानों को पारंपरिक फसलों के साथ-साथ नकदी फसलों और सब्जियों की खेती बढ़ाने के लिए जागरूक किया। उन्होंने फसलों की गुणवत्ता बनाए रखने, बीमारियों की पहचान और उनके उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी किसानों को दी।
निरीक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने रासायनिक खाद और प्राकृतिक खाद से तैयार होने वाली फसलों के फायदे व नुकसान के बारे में भी किसानों को विस्तार से बताया।
इस दौरान चनौर निवासी किसान करतार सिंह के खेत में बनाई गई रसोई वाटिका का भी जायजा लिया गया। निरीक्षण में विभागीय अधिकारी, किसान और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
Kangra, Kangra | Jun 16, 2026